'हम न मारते तो वो हमें मार देता', कोई पछतावा नहीं; कातिल पत्नी ने खुद बताई पति को मारने की वजह

'हम न मारते तो वो हमें मार देता', कोई पछतावा नहीं; कातिल पत्नी ने खुद बताई पति को मारने की वजह

मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड की तरह ही बहसूमा के गांव अकबरपुर सादात में भी एक सनसनीखेज वारदात हुई है। अमित कश्यप की पत्नी रविता दूसरी मुस्कान बन गई। मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिल कर पति सौरभ की हत्या करके शव के टुकड़े कर उन्हें प्लास्टिक के नीले ड्रम में सीमेंट का घोल में सील कर दिया था।

यहां रविता ने भी सांप से डसवा कर पति अमित को मारने की योजना बनाई थी। सांप उन्हें ही ना काट ले, इसलिए अमित की प्रेमी अमरदीप के साथ मिल कर गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में हत्या को हादसा दर्शाने के लिए अमित की कमर के नीचे सांप रख दिया।

सांप रखने का प्लान भी रविता का ही था। उसके कहने पर ही प्रेमी अमरदीप एक हजार रुपये में वाइपर सांप खरीद कर लाया था। रविता ने अमरदीप के साथ मिल कर पहले से बनाई योजना के अनुसार, शनिवार रात को पति की हत्या करके रविवार सुबह सांप के डसने से अमित की मौत की कहानी भी गढ़ दी। यदि पुलिस शव का पोस्टमार्टम नहीं कराती तो अमित ही हत्या का कभी खुलासा नहीं होता। इस चौंकाने वाले खुलासे से पुलिस से लेकर हर कोई हैरत में है।

 

अमरदीप की मां बोली, दो घर बर्बाद कर दिए

हत्यारोपी अमरदीप (19) अविवाहित है। वह तीन भाइयों में वह सबसे छोटा है। ग्रामीणों ने बताया कि उसके बड़े भाई सोहन की तीन साल पूर्व गांव के ही एक व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। छोटा भाई सोनू शादीशुदा है। उसका पिता सुंदर मजदूरी करता है। थाने में बैठी अमरदीप की मां धर्मावती ने

बताया कि उसके पुत्र की कोई गलती नहीं है।

तीन बच्चों की मां को सोचना चाहिए था। वह क्या कर रही है। उसके बेटे की कोई गलती नहीं है। जब पूछा गया सांप तो उसका बेटा ही लाया है तो उसने कहा कि उस महिला ने ही सांप मंगाया था। तीन बच्चों की मां को देखना चाहिए था, वह क्या कर रही है। मेरा बेटा तो अनजान था। सारी गलती रविता की है। उसने दो घर बर्बाद कर दिए।

रविता बोली-कोई पछतावा नहीं हम नहीं मारते तो वो हमें मार देता

बहसूमा थाने में पत्रकारों के सवाल पूछने पर रविता को पति की हत्या करने का कोई पश्चाताप नहीं था। उल्टे उसने पति पर ही आरोप लगाया कि उसने ही उसकी मुलाकात पड़ोसी अमरदीप से कराई थी। रविता ने कहा कि अमरदीप व उसका पति टाइल्स पत्थर लगाने का काम साथ करते थे। बाद में उसका पति उनके मिलने का विरोध करने लगा। धमकी देने लगा कि तुझे भी मार दूंगा व तेरे प्रेमी को भी मरवा दूंगा। इससे हम भयभीत हो गए थे।

हम उसे ना मारते तो वह हमें मार देता, इसलिए हत्या की। अमरदीप ने बताया कि सांप को वह गांव महमूदपुर सिखेड़ा के निखिल से एक हजार रुपये में खरीद के लाया था। निखिल ने बहसूमा में उसको सांप लाकर दिया था। वह सांप को झोले में बंद करके नहर पटरी पर ले गया। बाद में सांप को अमित के नीचे बिस्तर पर छोड़ दिया, जिससे लोगों को लगे कि यह घटना सांप के काटने से हुई है।

यह था पूरा मामला

अकरबपुर सादात गांव के अमित कश्यप उर्फ मिक्की (25) की मौत वाइपर सांप के काटने से नहीं हुई थी। अमित की हत्या उसकी पत्नी रविता ने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर की थी। दोनों आरोपियों ने गला दबाकर पहले हत्या की और फिर वारदात को हादसा दर्शाने के लिए जहरीला सांप उसके बिस्तर पर छोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया।

बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात में अमित उर्फ मिक्की का शव रविवार सुबह उसके बिस्तर पर पड़ा मिला था। अमित के शव के नीचे एक जिंदा सांप दबा हुआ था। अमित के शरीर पर सांप के डसने के दस निशान थे। जिसे देखकर परिजन ने सांप के दस बार डसने से अमित की मौत का दावा किया था। परिजनों ने सपेरे को बुलाया, जिसने सांप को अमित के शव के पास से पकड़ा था। बाद में सांप को वन विभाग की टीम ने जंगल में छोड़ दिया था। ग्रामीणों और परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से हुई मौत

बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन करने पर पुलिस को पता चला कि अमित की मौत सांप के डसने से नहीं बल्कि दम घुटने से हुई है। इससे पुलिस को गला दबाकर हत्या का अंदेशा हुआ और गहनता से जांच शुरू की गई। पुलिस ने देर रात अमित की पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गुमराह किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने जानकारी दी कि रविता और अमरदीप ने ही अमित की हत्या की थीग्रामीणों को थी प्रेमप्रसंग की भनक, मौत के बाद जताया शक

दोनों आरोपियों ने हत्या को हादसे में बदलने के लिए गहरी साजिश रची। वारदात के बाद अमित के नीचे जिंदा सांप व शरीर पर डसने के निशान देखकर परिजन को भी सर्पदंश से मौत का विश्वास होने लगा। लेकिन ग्रामीणों को रविता और अमरदीप के प्रेम प्रसंग की पहले से भनक थी। अमित और अमरदीप एक साथ मजदूरी करते थे। अमरदीप का अमित के घर आना जाना था। एक साल से रविता से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। अमरदीप की अचानक हुई मौत ग्रामीणों के गले नहीं उतर रही थी और उन्होंने पहले ही दिन शक जाहिर कर दिया था। इसी के चलते अमित के शव का पोस्टमार्टम कराया गया था।।

हत्या के साथ खुद को बचाने की भी रची साजिश

बताया गया है कि अमित को पत्नी के अमरदीप से संबंध की भनक लग गई थी। इसके चलते वह विरोध करने लगा था। इसके चलते दोनों आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। दोनों आरोपी हत्या के साथ खुद को बचाने का तरीका भी तलाश रहे थे। आरोपियों ने गूगल और यूट्यूब के जरिये भी हत्या के तरीके जानने की कोशिश की। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।