*मऊगंज जिले के पर्यटन स्थलों में किए गए सुरक्षा के प्रबंध*

मऊगंज-- मऊगंज जिले में बहुती जलप्रपात, देवलहा जलप्रपात, देवतालाब शिव मंदिर तथा अष्टभुजा धाम जैसे स्थलों पर 31 दिसम्बर तथा एक जनवरी को बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इन स्थानों पर भीड़ जुटने से अव्यवस्था हो सकती है। अपर कलेक्टर अशोक कुमार ओहरी ने इन सभी धार्मिक स्थलों में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्व तथा पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस अधीक्षक तथा एसडीएम अपने क्षेत्र के धार्मिक स्थलों पर 31 दिसम्बर तथा एक जनवरी को पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रखें। इनमें किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि करने वाले व्यक्ति पर तत्काल कड़ी कार्यवाही करें।

*मऊगंज जिले के पर्यटन स्थलों में किए गए सुरक्षा के प्रबंध*

*मऊगंज जिले में एक जनवरी से शुरू होगी साइबर तहसील व्यवस्था*

मऊगंज--

 मऊगंज जिले की सभी तहसीलों में एक जनवरी से साइबर तहसील व्यवस्था लागू की जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव खरगौन जिले में आयोजित कार्यक्रम से प्रदेश भर में इसका शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम को वेबकास्टिग के माध्यम से मऊगंज जिले के सभी प्रमुख स्थानों में दिखाया जाएगा। इस संबंध में अपर कलेक्टर मऊगंज अशोक कुमार ओहरी ने बताया कि जिले में साइबर तहसील की व्यवस्था के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साइबर तहसील के संबंध में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। साइबर तहसील की व्यवस्था लागू होने के बाद राजस्व प्रकरणों में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार रेवेन्यू केस मैनेजमेंट सिस्टम की वेबसाइट पर साइबर तहसील माडल के माध्यम से कार्यवाही करेंगे। इस व्यवस्था के लागू हो जाने के बाद राजस्व प्रकरणों में दावेदार को सूचना की तामीली, सार्वजनिक इश्तहार का प्रकाशन, एसएमएस के माध्यम से नोटिस की जानकारी देने तथा आपत्तियाँ प्राप्त कर उनका निराकरण ऑनलाइन किया जा सकेगा। मऊगंज जिले में साइबर तहसील व्यवस्था को लागू करने के लिए एसडीएम मऊगंज बृजेन्द्र कुमार पाण्डेय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी पटवारी राजस्व निरीक्षक तथा अन्य अधिकारी इस व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करें जिससे किसान इसका समुचित लाभ उठा सकें।