बिहार: मोतिहारी में दो समुदायों के बीच पत्थरबाज़ी, कई घायल
Bihar
बिहार के पूर्वी चंपारण ज़िले के मोतिहारी में सोमवार को दो समुदायों के बीच आपसी भिड़ंत में कई लोग घायल हो गए हैं, इसमें कुछ पुलिसवाले भी शामिल हैं।
यह घटना मोतिहारी ज़िला मुख्यालय से क़रीब 40 किलोमीटर दूर दरपा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव की है।
यह मामला सोमवार शाम क़रीब 5 बजे का है जब नागपंचमी के मौक़े पर महावीरी जुलूस एक अल्पसंख्यक इलाक़े से गुज़र रहा था।
दरपा पुलिस के मुताबिक़, हर साल इस रूट से ही महावीरी जुलूस निकलता था और छठ घाट होकर वापस आता था, इसी दौरान अल्पसंख्यक इलाक़े के पास दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाज़ी शुरू हो गई, जिसमें कई लोगों को चोटें आई हैं।
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक ने बीबीसी को बताया है कि सोमवार को ज़िले के 35 थाना क्षेत्रों में महावीरी जुलूस निकाला गया था, जिसके लिए लाइसेंस दिया गया था। जुलूस के साथ पुलिस को भी तैनात किया गया था, लेकिन तीन जगहों पर झड़प की घटना हुई है।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक़ दरपा थाना क्षेत्र में झड़प में कुछ लोगों को हल्की चोट आई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा हर जगह शांति समिति की बैठक बुलाकर हालात को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है, फ़िलहाल तीनों ही जगहों पर हालात शांतिपूर्ण हैं।

