चित्तौड़गढ़ : ACB की टीम ने पारसोली थाने पर की कार्यवाही, कांस्टेबल मुकेश कुमार मीणा गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़ : ACB की टीम ने पारसोली थाने पर की कार्यवाही, कांस्टेबल मुकेश कुमार मीणा गिरफ्तार
पारसोली थाने पर तैनात आरोपी कांस्टेबल मुकेश कुमार मीणा

Chittorgarh News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो चित्तौड़गढ़ की टीम ने रिश्वत के एक मामले में कार्यवाही की है। पारसोली थाने पर तैनात कांस्टेबल मुकेश कुमार मीणा को साढ़े सात की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी चित्तौड़गढ़ टीम की कार्रवाई मामले में जारी है। एसीबी चित्तौड़गढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशसिंह सांदू ने बताया कि प्रार्थी राजगढ़ ग्राम पंचायत के बासोटा निवासी गोपीलाल भील ने एसीबी कार्यालय पर शिकायत दी थी। इसमें बताया कि प्रार्थी के विरुद्ध अवैध शराब का कोई प्रकरण नहीं बनाने की एवज में आरोपी कांस्टेबल मुकेश मीणा ने 28 जून को 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इस पर परिवादी ने पूर्व में ही 5 हजार दे दिए। वहीं 6 जुलाई को सत्यापन के दौरान परिवादी से कुल 9500 रुपए और लेने के संबंध में आरोपी ने सहमति प्रदान की। साथ ही परिवादी से आरोपी ने 2 हजार रुपए और प्राप्त करना तथा 7500 रुपए बाद में देना तय हुआ। इस पर बुधवार को नियमानुसार ट्रेप कार्रवाई का आयोजन किया गया। एसीबी की टीम ने पारसोली में दबिश देकर आरोपी कांस्टेबल भीलवाड़ा जिले के शक्करगढ़ थाना अंतर्गत बरोदा गांव निवासी मुकेश कुमार मीणा पुत्र मांगीलाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया इसके कब्जे से 7500 की राशि भी बरामद कर ली। मौके पर एसीबी उदयपुर के उपमहानिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद गोयल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाश सिंह सांदू, हेड कांस्टेबल श्यामलाल, ओम प्रकाश शर्मा, कांस्टेबल खालिद हुसैन, सुनील कुमार, जितेंद्र सिंह, शेरसिंह, जयराम की टीम ने कार्रवाई के लिए पहुंची।