रात को थी पुलिस गश्त पर, अचानक सुनाई देने लगी 'चूड़ियों' के खनकने की आवाज, नजारा देख उड़ गए होश

रात को थी पुलिस गश्त पर, अचानक सुनाई देने लगी 'चूड़ियों' के खनकने की आवाज, नजारा देख उड़ गए होश

नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव और गणतंत्र दिवस को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है. दिल्ली पुलिस की कई टीमें दिन-रात गश्त कर रही है. खासकर, दिल्ली चुनाव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

लेकिन, दिल्ली पुलिस की जबरदस्त पहरेदारी और गश्त के बाद भी अवैध कारोबार में कमी नहीं आ रही है. बीते 13 और 14 जनवरी की मध्य रात्रि को जब दिल्ली पुलिस बुराड़ी और तिमारपुर विधानसभा के करीब से गुजर रही थी तो अचानक चूड़ियां या कांच की खनकने की आवाज सुनाई दी. पुलिस की गश्ती दल रुककर धीरे-धीरे उस स्थान पर पहुंच गई, जहां से आवाज आ रही थी. दिल्ली पुलिस जब उस जगह पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई.

दिल्ली पुलिस की टीम रात को घने कोहरे में एक खेत में पहुंच गई. इस दौरान कुछ व्यक्तियों की खामोश आवाजें और कांच के खनकने की आवाजें सुनीं. जब पुलिस की टीम उन आवाजों की ओर बढ़े तो उन्होंने पाया कि एक खेत में 5 व्यक्ति इधर-उधर कर रहे हैं. उन सबों के हाथों में अवैध शराब के कार्टून और बोतलें थीं. सभी लोग 3 स्कूटी पर अवैध शराब के कार्टूनों को लोड कर रहे थे, जिनका उपयोग वे अवैध शराब को आसपास के क्षेत्र में ले जाने के लिए कर रहे थे. पुलिस गश्ती दल ने उन सभी को हिरासत में लिया और अवैध शराब के कार्टून के बारे में पूछताछ की तो हैरान करने वाली जानकारी मिली.

शराब का बड़ा खेप बरामद

रात के समय पांचों खेत में क्या कर रहे थे, इसका सही से जवाब नहीं दे पाए. पुलिस ने उन सबों के कब्जे से 146 कार्टून अवैध शराब बरामद की. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि शराब हरियाणा में भेजा जा रहा था और दिल्ली चुनाव और गणतंत्र दिवस के लिए स्टॉक किया जा रहा था. क्योंकि, दिल्ली विधानसभा चुनाव और गणतंत्र दिवस पर शराब बेचने और खरीदने पर प्रतिबंध होता है. ऐसे में ये लोग अवैध तरीके से ज्यादा कीमत पर शराब उस दौरान बेचने का काम करते.

दिल्ली पुलिस ने इस दौरान अवैध शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले तीन 3 दोपहिया वाहनों को जब्त कर लिया है. आरोपी व्यक्ति अवैध शराब का स्टॉक प्राप्त करते थे, जिसे हरियाणा सीमा क्षेत्रों से लाया जाता था और आगे वे आसानी से कमाई करने के लिए इसे अन्य शराब तस्करों को आपूर्ति करते थे. बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनावों और गणतंत्र दिवस को देखते हुए दिल्ली पुलिस अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए गश्त कर रही है. पकड़े गए सभी आरोपियों की उम्र 17 से 26 साल बताई जा रही है.