चितौड़गढ़ : आमजन के अभाव अभियोग सुन अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए

चितौड़गढ़ : आमजन के अभाव अभियोग सुन अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए

Chittorgarh News : राजस्थान धरोहर प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने बुधवार को चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बड़ोदिया में आयोजित महंगाई राहत कैंप का अवलोकन कर लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड वितरित किए। राज्यमंत्री ने शिविर में आमजन के अभाव अभियोग सुने एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। राज्यमंत्री की जनसुनवाई में पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग से जुड़ी परिवेदनाएं प्राप्त हुई जिसका निस्तारण किया गया। कसारा खेड़ी के रतनलाल जाट के परिवार को कैंसर के इलाज के लिए 15 लाख रुपए का मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत फायदा मिला। इसके लिए परिवार ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ने विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट घोषणा में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कों का निर्माण सहित अन्य घोषणाएं कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय क्षेत्र के वार्ड में महंगाई राहत शिविर आयोजित कर रही है, जिसमें इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क कृषि बिजली योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क अन्नपूर्णा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना,सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत राहत प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने सभी से शिविरों में पंजीकरण करवाकर सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की परिवेदनाओं का समय पर निस्तारण करने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिविर में एसडीएम रामचंद्र खटीक, विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा, तहसीलदार शिव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।