शाजापुर - पूरी विधानसभा नहीं सिर्फ अपनी पोलिंग को जिताने पर ध्यान दें कार्यकर्ता, बैठक में विधायक कराड़ा ने मंडलम सेक्टर व बीएलए को दिया जीत का मंत्र
शाजापुर। भाजपा की दमनकारी नीतियों से जनता परेशान हो चुकी है और कांग्रेस की तरफ आस लगाकर देख रही है। हमें बस सकारात्मक सोच, ईमानदारी से मेहनत और दूसरी ओर ध्यान देने के बजाए अपने-अपने पोलिंग पर ध्यान देकर उसे जिताना है। हमें जीत से कोई नहीं रोक सकता।
यह बात पूर्व जल संसाधन मंत्री व वर्तमान विधायक हुकुमसिंह कराड़ा ने गुरूवार को लालघाटी स्थित निजी गार्डन में आयेाजित मंडलम सेक्टर व बीएलए की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा के लोग आपको बरगलाने, डराने का प्रयास करेंगे। लेकिन हमें डरने या किसी से दबने की जरूरत नहीं। अब वो दिन दूर हुए जब भाजपा की फिजूल की बातों में लोग आ जाते थे अब जमाना बदल गया है। लोगों को नाम नहीं अब काम करके दिखाना है। उन्होेने कहा कि हमारे काम जनता के बीच पहुंचाओ और उन्हें वास्तविकता से अवगत कराएं। इसके लिए घर-घर संपर्क करें और सकारात्मक सोच व ईमानदारी के साथ खुद को मिले दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करें। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों को भी धोखा दिया है। जबकि हमारी सरकार आने के पहले ही हमने तय किया है यदि किसानों का गेहूं 3 हजार रू. में खरीदा जाएगा तो ही किसानों का भला होगा और कांग्रेस की सरकार बनती है तो यह जरूर होगा और किसानों को उनकी फसल का पूरा दाम दिया जाकर उनका सबसे पहले विकास किया जाएगा। बैठक को विधायक प्रतिनिधि आशुतोष शर्मा, पूर्व मोहन बड़ोदिया जनपद अध्यक्ष अजबसिंह पंवार, जूनैद मंसूरी, सोहेल मेव, बालकृष्ण आर्य, शहर कांग्रेस अध्यक्ष इमरान खरखरे, नवीन दुबे, राधेश्याम मालवीय, राजीव दुबे ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ोदिया जनपद अध्यक्ष मोतीसिंह कराड़ा, सत्या वात्रे, रईस पठान, नेता प्रतिपक्ष अजीज मंसूरी, नीरज वैष्णव, वीरेंद्र व्यास, राजकुमार कराड़ा, शाजापुर जनपद अध्यक्ष शरद शिवहरे, जूनैद मंसूरी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता पं. गोविंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन दीपक निगम ने किया तथा आभार सचिन पाटीदार ने माना।
एक मंच पर नजर आई कांग्रेस
गुरूवार को हुई बैठक में सभी 308 पोलिंग के मंडलम सेक्टर व बीएलए के अलावा कांग्रेस के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता एक साथ नजर आए और पार्टी की जीत का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं की संख्या इतनी थी कि परिसर भी कम पड़ गया और कई लोगों को खड़े रहना पड़ा। इसके बाद भी उन्होंने पूरी बैठक में शामिल होकर अपने वरिष्ठों का उद्बोधन सुनकर पार्टी की जीत का संकल्प लिया। वहंी कई पदाधिकारियों ने तो मंच से ही अपने पोलिंग से हजारों वोटों से जिताने का संकल्प तक धारण किया।
विकास कार्यों की फिल्म का भी किया प्रदर्शन
नर्मदा प्रोजेक्ट, कोरोना काल मंे विधायक कराड़ा द्वारा दी गई सहायता, जिले में किए गए विकास कार्य सहित कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों की एक शार्ट फिल्म भी दिखाई गई। इस दौरान विधायक श्री कराड़ा ने कहा कि हम बोलते नहीं करते हैं और यह फिल्म उसका सबूत है कि हमने बातें नहीं काम किया है। इसे भी लोगांे तक पहुंचाएं और बताएं कि कांग्रेस ने अपने 15 माह के कार्यकाल में क्या किया था और आगे हमारी क्या योजनाएं हैं।
भाजपा से कांग्रेस में आए विलेश व्यास का किया स्वागत
बैठक में सिंधिया जी के साथ पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए विलेश व्यास ने बैठक के दौरान अपना उद्बोधन दिया और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठों के सामने फिर कांग्रेस में शामिल हो गए, जिनका वरिष्ठों ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।

