महिला हेड कांस्टेबल की ट्रेन में हत्या करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग
शाजापुर। सरयु एक्सप्रेस ट्रेन में महिला हेड कांस्टेबल के साथ की गई दरिंदगी के विरोध में मप्र पुलिस पेंशनर्स संघ के द्वारा देश के गृहमंत्री और रेल मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। डिप्टी कलेक्टर मनीषा वास्कले को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पदस्थ महिला पुलिस हेड कांस्टेबल जो कि अयोध्या में सावन के मेले में ड्यूटी करने गई थी और बाद ड्यूटी के जब वह 30 अगस्त 2023 को रात्रि में सरयु एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही थी। इसी बीच उसके साथ अज्ञात बदमाशों ने दरिंदगी की और गंभीर रूप से मारपीट करके घायल अवस्था में ट्रेन की सीट के नीचे छोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल महिला हेड कांस्टेबल को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां उसकी मृत्यु हो गई थी, लेकिन इस घटना को न तो केंद्र और न ही यूपी सरकार ने गंभीरता से लिया है। नतीजतन आरोपियों की अब तक भी गिरफ्तारी नही हो सकी है। ज्ञापन में आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार करने की मांग की गई है। इस मौके पर पुलिस पेंशनर संघ के प्रांतीय महासचिव अवधेश कुमार शेषा, अध्यक्ष सत्येंद्र दीक्षित, उपाध्यक्ष मानसिंह बड़ाल, सदस्य गजेंद्रसिंह सेंगर, चंद्रभानसिंह सेंगर, रंगलाल राठौर, गौरीशंकर तिवारी आदि मौजूद थे।

