नूंह में सुरक्षा के सख़्त इंतज़ाम, क्या निकल पाएगी वीएचपी की जलाभिषेक यात्रा, पुलिस ने क्या किया बंदोबस्त।

Haryana Nuh.

नूंह में सुरक्षा के सख़्त इंतज़ाम, क्या निकल पाएगी वीएचपी की जलाभिषेक यात्रा, पुलिस ने क्या किया बंदोबस्त।

हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद की ओर जलाभिषेक यात्रा निकाले जाने के एलान के बीच सोमवार को हर ओर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। 

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, नूंह और उससे सटे आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 

असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर धरमबीर सिंह ने एएनआई से कहा, "नूंह-गुरुग्राम बॉर्डर पर संदिग्ध लोगों को चेक करने के लिए खड़े हैं, ताकि कोई असामाजिक तत्व यहां से न आए। हम लोगों की आईडी प्रूफ़ देखकर उन्हें जाने दे रहे हैं, जो लोग दूसरे रास्ते से जा सकते हैं, हम उन्हें वापस भेज रहे हैं। 

विश्व हिंदू परिषद ने सोमवार को हरियाणा के नूंह ज़िले में अपनी जलाभिषेक यात्रा पूरी करने की घोषणा की है। 

हालांकि, प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी है लेकिन पिछली घटना को देखते हुए कई इंतज़ाम किए गए हैं। 

नूंह के डिप्टी कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "हमने यात्रा के लिए कोई इजाजत नहीं दी है, हमने कल के लिए सभी इंतजाम कर लिए हैं. धारा 144 लागू कर दी गई है। फोर्स की तैनाती कर दी गई है, पैरामिलिट्री की 13 कंपनियां, हरियाणा सशस्त्र पुलिस की तीन कंपनियां और 657 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, कल इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। 

इससे पहले विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल ने एक बयान में कहा था, “जलाभिषेक यात्रा 28 को ही यानी श्रावण मास के अंतिम सोमवार को निकाली जाएगी। ये तीर्थ यात्रा है और तीर्थ के लिए किसी अनुमति की आवश्यकता नहीं होती है, ये तीर्थों का देश है, ना हमने अनुमति मांगी है और अनुमति ना मिलने का तो कोई प्रश्न ही नहीं है। 

पिछले महीने जलाभिषेक यात्रा के दौरान ही नूंह और उसके आसपास के इलाकों में सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी।