NEET पेपर लीक: राजनाथ सिंह के घर बड़ी बैठक, धर्मेंद्र प्रधान के अलावा PMO के कई बड़े अधिकारी मौजूद

नीट पेपर लीक केस में एक बड़ी बैठक हुई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के घर हुई इस बैठक में शिक्षा मंत्री के अलावा पीएमओ के कई बड़े अधिकारी भी शामिल हुए हैं। मीटिंग में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और एनटीए के महानिदेशक को भी शामिल किया गया। बताया जा रहा है कि ये बैठक सिस्टम में बड़े बदलावों को लेकर विचार-विमर्श करने के लिए आयोजित की गई।

NEET पेपर लीक: राजनाथ सिंह के घर बड़ी बैठक, धर्मेंद्र प्रधान के अलावा PMO के कई बड़े अधिकारी मौजूद

नई दिल्ली: नीट पेपर लीक केस को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के घर बड़ी बैठक हुई है। जानकारी के मुताबिक बैठक में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान , केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ-साथ प्रधानमंत्री ऑफिस के कई बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।


एनटीए के डीजी भी रहे मौजूद

मीटिंग में एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये बैठक नीट पेपर लीक के मुद्दे पर विचार-विमर्श करने और इसका हल निकालने के लिए बुलाई गई थी। बैठक में नीट एग्जाम को लेकर छात्रों की चिंताएं दूर करने और पारदर्शिता बढ़ाने को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। एनटीए के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह को बैठक में खासतौर पर बुलाया गया था।

 

अब तक 13 आरोपी हुए अरेस्ट

नीट पेपर लीक केस में विरोध-प्रदर्शन कम होने का नाम नहीं ले रहा है। देशभर में छात्रों के अलावा विपक्षी पार्टियां भी इस मुद्दे पर सरकार को घेर रही हैं। ऐसे में केंद्र सरकार ने मामले को लेकर समीक्षा शुरू कर दी है। बता दें कि इस साल 2 मई 2026 को नीट का एग्जाम हुआ था। पेपर लीक होने की बात सामने आने के बाद सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी। अब तक इस मामले में 13 लोग अरेस्ट हो चुके हैं। मामले की जांच सीबीआई कर रही है।


विपक्ष जोरशोर से उठा रहा मुद्दा

बता दें कि लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के अलावा अखिलेश यादव और विपक्ष के कई दिग्गज नेता भी मामले को उठा रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान के सीकर में आत्महत्या करने वाले एक नीट अभ्यर्थी के परिवार से हाल ही में मुलाकात की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाबदेही की मांग की थी। राहुल ने एनएसयूआई कार्यालय में परिवार से मुलाकात की और कहा कि छात्र प्रदीप मेघवाल की मौत टूटी हुई, भ्रष्ट व्यवस्था की देन है।




माफियाओं के हवाले परीक्षा प्रणाली

कांग्रेस नेता ने कहा राजस्थान में कहा था कि जिन्होंने परीक्षा प्रणाली को माफियाओं के हवाले कर दिया और आज भी अपनी कुर्सी से चिपके हैं, मोदी-प्रधान की जोड़ी इस परिवार के समक्ष जवाबदेह है। कांग्रेस सांसद ने कुछ नीट अभ्यर्थियों से भी मुलाकात की और बताया कि इन अभ्यर्थियों ने इस प्रणाली पर भरोसा नहीं होने की बात कही है।