उन्नाव में ट्रांसफार्मर लगाने पर महिलाओं का हंगामा:बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने की घटना से नाराज थीं, बिना लगाए लौटे बिजली कर्मी।

Unnao

उन्नाव में ट्रांसफार्मर लगाने पर महिलाओं का हंगामा:बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने की घटना से नाराज थीं, बिना लगाए लौटे बिजली कर्मी।

उन्नाव में चंपापुरवा में अधिक लोड होने के कारण बार-बार ट्रांसफार्मर और एबीसी लाइन जलने की घटनाएं हो रही हैं। जिसे देखते हुए चंपापुरवा तिराहे पर नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली कर्मी पहुंचे। जिस पर क्षेत्रीय महिलाओं ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। लोगों में गुस्सा देख बिजली कर्मी बिना ट्रांसफार्मर लगाए वापस लौट गए।


जेई विष्णु शुक्ला, टीजी 2 वीरेन्द्र प्रताप सिंह, संविदा कर्मी बृजेश कुमार, अमित सिंह, रोहित, भानू समेत अन्य कर्मचारी चंपापुरवा तिराहे पर नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पहुंचे। तिराहे के पास ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पोल उतारे गए। वैसे ही दो दर्जन से अधिक महिलाएं पुरूषों के साथ पहुंच गईं और ट्रांसफार्मर लगाए जाने का विरोध करते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। गुस्सा देखकर जेई ने पुलिस का सहारा लिया, लेकिन मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी भी महिलाओं के गुस्से को देखकर पीछे हट गए।

जेई ने बताया कि क्षेत्र में कुछ लोग ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध कर रहे हैं। इसके कारण चिन्हित स्थान पर ट्रासफार्मर नहीं लग सका है। लोगों का समझाने का प्रयास किया जा रहा है।बिजली काटने पर घेराव कर किया हंगामा

चंपापुरवा के निचले इलाकों में गंगा का पानी भर गया है। जिससे एहतियात के तौर पर बिजली विभाग ने क्षेत्र की बिजली काट दी है। उमस और गर्मी से बेहाल लोग सरैयां विद्युत सब स्टेशन पहुंचे। जहां सब स्टेशन का घेराव कर हंगामा काटा।

चंपापुरवा के निचले इलाके में बाढ़ का पानी भर जाने के कारण कोई दुर्घटना न हो जाए, इसलिए बिजली विभाग ने यहां की बिजली काट दी है। वहीं गुड़ियाने और चंपापुरवा के ऊंचे वाले इलाके में पानी न पहुंचने के बावजूद बिजली काट दी गई। करीब आधा सैकड़ा लोग पूर्व सभासद राजेश्वरी कश्यप के नेतृत्व में बिजली सब स्टेशन पहुंचे। हंगामा काटते हुए घेराव किया। मौजूद जेई विष्णु शुक्ला ने शांत कराते हुए मौके पर पहुंच कर जांच कर आपूर्ति चालू कराने का आश्वासन दिया।