इंस्टाग्राम पर 'लापता' रविंद्र जडेजा! सीएसके-राजस्थान रॉयल्स में 'ट्रेड डील' के बीच चिंता में फैंस
Ravindra Jadeja Instagram Account Missing: रविंद्र जडेजा को चेन्नई सुपरकिंग्स संजू सैमसन के बदले राजस्थान रॉयल्स को सौंप रही है, ऐसी चर्चा जमकर फैली हुई है।
रविंद्र जडेजा का इंस्टाग्राम अकाउंट सर्च करने पर इस तरह का मैसेज आ रहा है।
नई दिल्ली: दिग्गज भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट ' royalnavghan ' अचानक लापता हो गया है। सोमवार को जब उनके फैंस ने इस अकाउंट को सर्च करने की कोशिश की, तो यह अकाउंट इंस्टाग्राम पर गायब पाया गया। ब्राउजर में सीधे इस अकाउंट का लिंक पेस्ट करने पर 'प्रोफाइल लिंक ब्रोकन' का मैसेज आ रहा है। जडेजा का अकाउंट डिएक्टिवेट होने की यह घटना उस चर्चा के बीच आई है, जिसमें उनके अपनी 13 साल पुरानी IPL टीम चेन्नई सुपर किंग्स से बाहर होने का दावा किया जा रहा है। मार्केट में यह चर्चा तेजी पर है कि संजू सैमसन को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स र राजस्थान रॉयल्स के बीच चल रही ट्रेड डील में जडेजा का नाम सामने आया है। पिछले साल जडेजा को रिकॉर्ड रकम में रिटेन करने वाली सीएसके ने संजू को लेने के बदले में उन्हें राजस्थान रॉयल्स को देने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि अब तक इन चर्चाओं को लेकर राजस्थान रॉयल्स या चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजमेंट ने कोई बयान नहीं दिया है। लेकिन इस चर्चा के बीच अचानक जडेजा का ऑफिशियल अकाउंट 'मिसिंग' होने से कई सवाल उठ खड़े हुए हैं।
इंस्टाग्राम की तरफ से नहीं आया है कोई बयान
रविंद्र जडेजा का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक गायब होने को लेकर कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। जडेजा ने अभी तक इसे लेकर कुछ नहीं कहा है, जबकि इंस्टाग्राम या मेटा की तरफ से भी इसे लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। इससे यह पता नहीं लग रहा है कि जडेजा ने खुद अकाउंट डिएक्टिवेट किया है या किसी टेक्निकल ग्लिच के कारण ऐसा हो रहा है।
राजस्थान रॉयल्स से ही किया था IPL डेब्यू
रविंद्र जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स के लिए ही आईपीएल में डेब्यू किया था। साल 2008 में 19 साल के जडेजा RR की उस टीम का हिस्सा थे, जिसने शेन वार्न की कप्तानी में सबसे पहली IPL Trophy अपने नाम की थी। इसके बाद 2009 में भी वे RR का ही हिस्सा थे, लेकिन IPL2010 से पहले उन्हें सीधे मुंबई इंडियंस के साथ डील करने की कोशिश के चलते सस्पेंड कर दिया गया था। आईपीएल नियमों के मुताबिक, कोई भी प्लेयर टीम से सीधी डील नहीं कर सकता है। टीम को उसे IPL Auction के जरिये ही खरीदना होगा। एक साल के बैन के बाद आईपीएल 2011 में रविंद्र जडेजा ने कोच्चि टस्कर्स टीम जॉइन की थी।

