शाजापुर - संयुक्त जांच दल द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की गई जांच
शाजापुर। कलेक्टर किशोर कन्याल के निर्देशानुसार खाद्य आपूर्ति विभाग, नापतोल विभाग एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधी प्रशासन विभाग के संयुक्त जांच दल द्वारा शुक्रवार को नगर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों में मिलावट नापतोल संबंधी एवं घरेलू गैस सिलेण्डरों का व्यावसायिक दुरूपयोग रोकने के लिए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जाँच दल में प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप शर्मा, निरीक्षक नापतोल पीएस बारापात्रे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती दीपा टवाडे, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रवीन्द्र सिंह राठौर एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अजय सिंह खराडिया शामिल थे। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि संयुक्त जाँच दल द्वारा नगर अकोदिया स्थित श्रीभोग रेस्टोरेंट, महाँकाल रेस्टोरेंट, रितेश नमकीन भण्डार, छाबी स्वीट्स, जैन श्री रेस्टोरेंट, शिवशक्ति रेस्टोरेंट, शर्मा कैफे स्टेशन रोड, एवन किराना स्टोर स्टेशन के पास, मेवाडा रेस्टोरेंट आदि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें खाद्य औषधि प्रशासन द्वारा मेवाडा रेस्टोरेंट से मावा बर्फी एवं श्री भोग रेस्टोरेंट से मलाई टिकिया के सेम्पल लिये गये। नापतोल विभाग द्वारा एवन किराना स्टोर एवं शर्मा कैफे स्टेशन की जाँच की गई शर्मा केके से तोल कांटे की जॉच में इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा सत्यापित नहीं होने से जप्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। नापतोल एवं खाद्य विभाग द्वारा हितग्राही की शिकायत पर अकोदिया स्थित प्रताप पेट्रोल पम्प जो कि नायरा कम्पनी का हैं, की जॉच की गई। पेट्रोल पम्प पर MS व HSD की डेनसीटी व स्टॉक का परीक्षण किया गया। खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा नगर अकोदिया मण्डी स्थित शिव शक्ति रेस्टोरेंट से 1 नग, श्री भोग रेस्टोरेंट से 03 नग, श्री महाकाल रेस्टोरेंट से 01 नग, रितेश नमकीन भण्डार से 01 नग, छवि स्वीट्स से 01 नग व जैन श्री रेस्टोरेंट से 02 नग घरेलू गैस सिलेण्डर इस प्रकार कुल 09 घरेलु गैस सिलेण्डरों का व्यावसायिक रूप में उपयोग करते हुए पाये जाने से जप्त कर प्रकरण बनाया गया।

