Delhi: मालवीय नगर में सड़क किनारे मिले तीन बोरे, बहता खून देख कांप उठे लोग, जांच शुरू
दिल्ली के मालवीय नगर से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां सड़क किनारे तीन बोरे मिले हैं, जिसमें से खून बह रहा था। बोरे से खून बहता और दुर्गंध आती देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।यहां लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बोरे में लाश होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं है की बोरे में क्या है, लेकिन बोरे से टपकते हुए खून को देख इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने दिल्ली पुलिस को इस मामले की सूचना दी। लेकिन कई घंटों तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है।
इस मामले को लेकर पूर्व विधायक सोमनाथ भारती ने दिल्ली की बीजेपी सरकार और पुलिस पर निशाना साधा है। सोमनाथ भारती का कहना है कि मालवीय नगर में इससे पहले इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई थी, लेकिन दिल्ली में बीजेपी की सरकार आने के बाद इस तरह के मामले बढ़ते जा रहे हैं। अभी तक पता नहीं लगा है कि बोरे में किस की लाश है। बोरे खोलने के लिए किस का इंतजार किया जा रहा है, अभी तक मामले को लेकर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई है।
घंटों बाद पहुंची पुलिस की टीम
घटना की सूचना मिलने के कई घंटों के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बोरे जब्त किए गए। पुलिस द्वारा छानबीन शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी तक किसी प्रकार का कोई क्लू नहीं मिला है। यह भी पता नहीं चल पा रहा है कि यहां बोरे आए कैसे हैं, कौन लेकर आया है और इसके अंदर क्या है। स्थान पर लगातार बढ़ती लोगों को भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने बोरों को जब्त किया और वहां से उठाकर ले गई।
फॉरेंसिक टीम ने शुरू की अपनी जांच
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि बोरे में किसी जानवर का मांस लग रहा है। जांच के बिना इसकी पुष्टि कर पाना मुश्किल है, लेकिन फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम इसकी जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद पता लग जाएगा कि यह किसी इंसान का शव है या जानवर का। पुलिस ने स्थिति की संवेदनशीलता को समझते हुए पूरे इलाके को घेर लिया है।

