देश: नेता जी सुभाष चंद्र बोस के पोते ने छोड़ी बीजेपी
India.
नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते और भारतीय जनता पार्टी की बंगाल इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष चंद्र कुमार बोस ने बुधवार को पार्टी छोड़ने का एलान किया है।
उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेजे अपने इस्तीफ़े को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी संलग्न किया है।
उन्होंने अपने बयान में कहा है कि उनका यह फ़ैसला 'दूर न किए जाने वाले वैचारिक मतभेद' के आधार पर लिया गया है।
चंद्र कुमार बोस ने अपने बयान में कहा, “मैं श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और व्यापक विकास कार्यक्रम से प्रेरित होकर 2016 में बीजेपी में शामिल हुआ था, तब मेरी चर्चा बोस बंधुओं की समावेशी विचारधारा पर केंद्रित थी। उस समय और बाद में मेरी समझ ये रही कि मैं इस विचारधारा को बीजेपी के प्लेटफ़ार्म पर पूरे देश में प्रचारित करूंगा।
चंद्र कुमार बोस ने लिखा, ''धर्म, जाति और संप्रदाय के बावजूद सभी समुदायों को भारतीय के रूप में एकजुट करने की नेता जी की विचारधारा का प्रचार करने के प्राथमिक उद्देश्य के साथ बीजेपी के ढांचे के भीतर एक 'आज़ाद हिंद मोर्चा' बनाने का भी निर्णय लिया गया, मेरे अनुसार यह हमारे देश को एकजुट रखने और सभी समुदायों की समावेशी प्रगति के लिए आवश्यक है।
बोस ने कहा, “पश्चिम बंगाल में प्रशंसा के योग्य इन उद्देश्यों को हासिल करने के मेरे उत्साहजनक प्रचार प्रयासों को केंद्र या राज्य स्तर पर बीजेपी से कोई समर्थन नहीं मिला।
मैंने बंगाल के लोगों तक पहुंचने के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव रखा था, लेकिन मेरे प्रस्ताव नजरअंदाज़ कर दिए गए, ऐसे दुर्भाग्यपूर्ण हालात को देखते हुए, मेरे लिए बीजेपी के सदस्य के रूप में बने रहना असंभव हो गया है।

