बिजली तार काटने पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने पीटा, तीन पर प्रकरण दर्ज
शाजापुर। ट्रांसफार्मर से बिजली के तार काट देने पर आपत्ति जतार्ई तो आरोपियों ने एकमत होकर दो लोगों को लाठी से मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्राम निपानिया करजू निवासी संतोष भिलाला ने बताया कि वह खेती किसानी का काम करता है और खेत पर पानी की मोटर चलाने के लिए कंरट के तार का कनेक्शन कंजर डेरे की डीपी से कर रखा है। संतोष ने बताया कि शुक्रवार को त्रिलोक, नरेश कंजर ने डीपी से बिजली के तार काट दिए थे जिस पर मैं, मेरा पुत्र शुभम और पड़ोसी लखन डीपी के पास गए तो त्रिलोक, नरेश एवं नुरा तीनों से कहा कि तुमने बिजली के तार क्यों काट दिए तो उन्होने गालियां देते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। घटना में शुभम और लखन घायल हो गए जिन्हे उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। मोमन बड़ोदिया पुलिस ने मारपीट करने वाले तीन आरोपियों के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

