प्रमोशन के बदले सेक्सुअल फेवर की डिमांड! नोएडा की IT कंपनी में महिला कर्मचारी ने लगाए गंभीर आरोप

प्रमोशन के बदले सेक्सुअल फेवर की डिमांड! नोएडा की IT कंपनी में महिला कर्मचारी ने लगाए गंभीर आरोप

महिला कर्मचारी 2018 से कंपनी में काम कर रही है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने कंपनी के वित्‍त प्रमुख समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

 सेक्टर-126 थाना इलाके में स्थित आईटी कंपनी में काम करने वाली महिला कर्मचारी ने कार्यस्थल पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कंपनी के वित्त विभाग के प्रमुख समेत छह अन्य लोगों के खिलाफ सेक्टर-126 पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।


गाजियाबाद के वैशाली क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाली महिला नोएडा की आईटी कंपनी में काम करती हैं। वह इस कंपनी में वर्ष 2018 से प्रतिनियुक्ति के तहत कार्यरत हैं। महिला ने बताया कि करीब 12 साल पहले वर्ष 2013 में उसने एक नामी कंपनी में वित्तीय विश्लेषक के पद पर नौकरी शुरू की। संबंधित कंपनी का बाद में एक अन्य कंपनी में विलय हो गया। 1 सितंबर 2018 को महिला और उसके साथियों को दूसरी कंपनी में नियुक्त कर लिया गया। महिला के कुछ साथियों को उसी दिन पुरानी कंपनी में भी फिर से शामिल किया गया।


'2019
से परेशान कर रहे वित्‍त प्रमुख'

महिला कर्मचारी का आरोप है कि कंपनी के वित्त प्रमुख संजय कोहली वर्ष 2019 से उन्हें परेशान कर रहे हैं। वह उन पर गलत नजर रखते हैं। वह अश्लील टिप्पणी और अभद्र इशारे करता है। उसने प्रमोशन के बदले सेक्सुअल फेवर की मांग की। महिला के विरोध करने पर उसने माफी मांगी और पुलिस और प्रबंधन से शिकायत न करने का दबाव बनवाया।


'
चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स देने लगा है अधिकारी'

इस मुद्दे को लेकर पहले भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन जांच करने वाले अधिकारी ने आरोपी की बात को ही सही माना। इसके बाद से आरोपी नाराज हो गया है और महिला को मुश्किल और चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स देने लगा है। आरोप है कि वित्त प्रमुख कंपनी में काम करने वाली अन्य महिलाओं पर भी बुरी नजर रखता है। जो लड़कियां उसकी बात मान लेती हैं, उन्हें प्रमोशन भी मिल जाता है।


'
मातृत्व अवकाश से वंचित रखा'

महिला का आरोप है कि वित्त प्रमुख ने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर साजिश रची और जानबूझकर उसे गलत टीम में भेजा। उसे मातृत्व अवकाश से वंचित रखा। अत्यधिक कार्यभार दिया और समय से लक्ष्य पूरा न होने पर कंपनी से बाहर निकालने की धमकी दी। वित्त प्रमुख और उसके सहयोगियों पर शिकायतकर्ता ने महिला संबंधी निजी समस्याओं का सार्वजनिक मजाक बनाने का भी आरोप लगाया है।


इन लोगों पर हुआ केस दर्ज

पीड़िता ने इस बारे में पुलिस में शिकायत की। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संजय कोहली, सौरभ मेंहदीरता, भारत के.बैद, सुमिता छाबड़ा, खुशबू मलिक और मेहा राजेंद्रण बाबू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।