शाजापुर - हाथों में खराब सोयाबीन लेकर हजारों किसान रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे

शाजापुर - हाथों में खराब सोयाबीन लेकर हजारों किसान रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे

इरफान मंसूरी 
शाजापुर। भारतीय किसान संघ के बैनरतले हजारों किसानों ने शाजापुर में धरना कर रैली निकाली और ज्ञापन सौंपा। शुक्रवार को टंकी चौराहा स्थित पुरानी सब्जी मंडी में किसानों ने भारतीय किसान संघ के प्रदेश संगठन मंत्री महेश चौधरी एवं जिलाध्यक्ष घनश्याम पाटीदार के नेतृत्व में धरना आंदोलन किया। इस दौरान संगठन मंत्री चौहान ने कहा कि अन्नदाता किसान संगठन के साथ एक जुट होकर बड़ी से बड़ी समस्याओं को करवा सकते हैं। भारतीय किसान संघ विगत कई वर्षों से किसानों को जागरूक करता आ रहा है और आगे भी किसानों के अधिकार के लिए खड़ा रहेगा। वहीं जिलाध्यक्ष पाटीदार ने कहा कि वर्तमान में किसान को उसका अधिकार नहीं मिल पा रहा है। यही कारण है कि एक भी शासकीय कार्यालय में किसानों को सम्मान नही दिया जा रहा है, लेकिन अब जिस कार्यालय में किसानों का सम्मान नहीं होगा भारतीय किसान संघ उस कार्यालय में तालाबंदी करने का काम करेगा। जिला प्रचार प्रमुख मुकेश पाटीदार ने कहा कि इस वर्ष अल्पवर्षा के कारण सोयाबीन फसल में भारी नुकसान हुआ है, जिसको लेकर शासन प्रशासन से शीघ्र ही सर्वे कराए जाने की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार किसानों की सुध नही ले रही है। उन्होने कहा कि अभी तो ज्ञापन के माध्यम से सरकार को जल्द सर्वे करवाने के लिए सूचना दे रहे हैं परंतु आने वाले समय में यदि जिले के किसानों को राहत राशि नहीं दी जाती है तो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। टंकी चौराहा पर धरना देने के बाद हजारों की संख्या में किसान रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और यहां प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि जिले में लगातार 45 दिन तक बारिश नहीं होने से सोयाबीन की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है जिसका सर्वे करवा कर किसानों को राजस्व परिपथ में कांतिका 64 के अंतर्गत 35000 राहत राशि एवं 48000 के मान से बीमा राशि दी जाए, अनेक गांव में घरेलू ट्रांसफार्मर अवरलोड हो रहे हैं उन्हें अंडर लोड किया जाए  और जले हुए ट्रांसफार्मर तुरंत बदले जाएं, केंद्र सरकार द्वारा प्याज के विदेश निर्यात पर 40 प्रतिशत लगाए गए शुल्क को तुरंत हटाया जाए, जिले में मेफेट कंपनी द्वारा प्याज खरीदी केंद्र की स्थापना की जाए, जिले में वन्य प्राणियों द्वारा खेतों में भयंकर नुकसान किया जा रहा है जिससे किसान खेती छोडऩे पर मजबूर हो रहे हैं, सरकार नुकसान की 35000 रुपए हेक्टेयर के मान से मुआवजा राशि दे, साथ ही किसानों को बाउंड्री वॉल करने के लिए सरकार द्वारा 80 प्रतिशत सब्सिडी दी जाए, जिले में सामान्य से बहुत कम बारिश हुई है जिससे सभी नदी-नाले, तालाब, बांध खाली पड़े हैं तथा वाटर लेवल न के बराबर है। ऐसे में रबी सीजन में किसान खेती नहीं कर पाएंगे जिसके मद्देनजर सरकार जिले के किसानों के लिए 1000 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज देकर आर्थिक मदद करे। ज्ञापन देते समय  जिला मंत्री सवाईसिंह सिसौदिया, जिला उपाध्यक्ष राजबहादुरसिंह गुर्जर, जिला सह मंत्री अनिल पाटीदार, ललित नागर, सत्यनारायण पाटीदार, ज्ञानसिंह गुर्जर, गजराजसिंह, दिनेश मंडलोई, दिनेश, भारतसिंह नाहर, मीडिया प्रभारी कमल कराड़ा सहित किसान मौजूद थे।