दिल्ली में बिजली कड़कने के साथ आंधी-बारिश का पूर्वानुमान, मौसम विभाग ने जारी किया ‘येलो अलर्ट’

दिल्ली में बिजली कड़कने के साथ आंधी-बारिश का पूर्वानुमान, मौसम विभाग ने जारी किया ‘येलो अलर्ट’

Delhi Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में गरज के साथ बारिश और आंधी की आशंका जताते हुए  ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे दिन-प्रतिदिन की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

 

राजधानी में खुशमिजाज हुआ मौसम, गर्जती बिजली के साथ बारिश का पूर्वानुमान 

 

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम का अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। कभी चिलचिलाती धूप तो कभी आंधी और तेज बारिश। ठीक ऐसा ही मौसम बुधवार की सुबह भी दर्ज किया गया। धूप न होने से ठंडी हवाएं चलती रहीं जिससे ऑफिस जाने वालों के चेहरे पर खिले रहे। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में बुधवार को गरज के साथ बारिश-आंधी आने और बिजली कड़कने का पूर्वानुमान जताते हुए ‘येल अलर्ट’ जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।


उमस से मिली राहत, इतना गिरा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार शहर में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए खराब मौसम की चेतावनी देते हुए कहा कि खराब मौसम के चलते स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। बारिश होने से दिन-प्रतिदिन की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। इसलिए घर से निकलने से पहले मौसम विभाग की वेबसाइट पर एक बार अपने क्षेत्र के मौसम की स्थिति जरूर जांच लें।

 

कैसा रहेगा प्रदूषण का स्तर

आईएमडी ने बताया कि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 181 रहा जो वायु गुणवत्ता की मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।