चितौड़गढ़ : 14 पुलिस थानों के 112 प्रकरणों में जब्त करोड़ों का मादक पदार्थ नष्ट
Hindustan News Network
Chittorgarh News : जिले के 14 पुलिस थानों में वर्ष 2009 से 2023 के मध्य जब्तशुदा अवैध डोडा चूरा, गांजा व एमडीएमए को न्यायालय से भौतिक सत्यापन के बाद बुधवार को जिला औषधि व्ययन समिति की और से नष्ट करवाया गया। जिले के निम्बाहेड़ा उपखंड में मांगरोल स्थित जेके सीमेंट प्लांट की कीलन में मादक पदार्थ को जला कर नष्ट किया गया। पुलिस ने इस दौरान 289 क्विंटल 02 किलोग्राम 719 ग्राम अवैध डोडा चूरा, गांजा व एमडीएमए को किया गया नष्ट।
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि, जिले के पुलिस थानों के मालखाना एनडीपीएस एक्ट में जब्तशुदा मादक पदार्थों की वजह से लबालब भरे पड़े थे। इससे अन्य जब्तशुदा माल को रखने की समस्या आ रही थी। इसके निस्तारण की कार्यवाही के क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय की कार्य प्रणाली शाखा ने संबंधित थानाधिकारियों से माल के निस्तारण के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त कर, रिकॉर्ड तैयार किया गया। उक्त कार्यवाही के दौरान पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुगलाल मीना, डीएसपी निम्बाहेड़ा आशीष कुमार, नवागत डीएसपी निम्बाहेड़ा बेनी प्रसाद, पुलिस उप अधीक्षक यातायात लाभूराम बिश्नोई व पुलिस निरीक्षक कृष्णचंद्र बुनकर सहित संबंधित 14 पुलिस थानों के थानाधिकारी एवं मालखाना प्रभारी व कार्यप्रणाली शाखा के कर्मचारी मौजूद रहे। यहां आवश्यक रिकॉर्ड मिलान करने के बाद मादक पदार्थों का वजन किया गया तथा संबंधित मादक पदार्थ के वजन व नष्टीकरण के समय फोटोग्राफी व विडियो ग्राफी करवाई गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के थाना सदर चित्तौड़गढ़, कोतवाली निम्बाहेड़ा, सदर निम्बाहेड़ा, गंगरार, राशमी, भदेसर, चंदेरिया, बिजयपुर, बस्सी, बेगूं, पारसोली, निकुम्भ, भैंसरोडगढ़ व शंभूपुरा के कुल 14 पुलिस थानों में दर्ज कुल 112 प्रकरणों में से 107 प्रकरणों में अवैध मादक पदार्थ 288 क्विंटल 94 किग्रा 725 ग्राम डोडा चूरा, 4 प्रकरणों में 7 किग्रा 306 ग्राम गांजा, 1 प्रकरण में 668 ग्राम एमडीएमए को जिला पुलिस द्वारा कार्यवाही के दौरान तस्करों के कब्जे से जब्त किया गया था। उक्त सभी 112 प्रकरणों में जब्तशुदा अवैध मादक पदार्थो को जिला औषधि व्ययन समिति चित्तौड़गढ़ द्वारा जेके सीमेंट मांगरोल के अधिकारियों सुरक्षा हेड मनोज त्यागी, उप सुरक्षा अधिकारी शक्तिमान सिंह भाटी, एएफआर हैड संतोष शिरके, एडमिन प्रभारी जयशंकर मिश्रा, एचआर मैनेजर अमित सिंह व पर्यावरण विभाग के सीनियर मैनेजर सुनील कुमार सिंह की उपस्थिति में नष्ट किया।

