साईकिल की सीट पर हाथ रखने से गुस्साए युवक ने मासूम बच्ची का गला रेता मौत।
निचलौल। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम रामचन्द्रही टोला लेदी में आज दोपहर करीब दो बजे एक युवक ने साइकिल की सीट पर हाथ रखने से नाराज होकर एक मासूम बच्ची का गला रेत दिया जिससे बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। गांव में शांति व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम रामचंद्रही टोला लेदी के आज दोपहर करीब दो बजे इसी गांव का निवासी दीपक पुत्र कालीचरण साईकिल खड़ा कर बैठा हुआ था। इसी दौरान गणेश की पांच वर्षीय पुत्री रिमझिम खेलते हुए वहां पहुंच गई और साईकिल छूने लगी जिसे आरोपी युवक ने बच्ची को भगा दिया। जबकि बच्ची खेलते हुए दुबारा साईकिल के पास पहुंच गई जिससे नाराज होकर युवक ने घर से बांका लाकर उसका गला रेत दियाऔर मौके पर बच्ची की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपी के घर से हत्या में प्रयोग किया गया बांका भी बरामद किया है। घटनाक्रम के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है।

