उत्तर प्रदेश : उन्नाव 9 लाख की चोरी का केस, उन्नाव SP ने लिया एक्शन:CO की जांच रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई, बीट के सिपाही किए गए निलंबित।
Uttar Pradesh Unnao
उत्तर प्रदेश :
उन्नाव के पुरवा नगर के मोहल्ला शीतलगंज में एक घर पर बीते पांच सितंबर को नौ लाख की चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई। इसके बाद एसपी ने सीओ को जांच सौंपी। सीओ की जांच रिपोर्ट के बाद एसपी ने बीट के दो सिपाहियों को निलंबित कर तत्काल पालन के निर्देश दिए हैं।
कस्बा के मोहल्ला शीतलगंज निवासी दिनेश कुमार लखनऊ स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। बीते पांच सितंबर की रात वह लखनऊ में ड्यूटी पर था। घर पर पत्नी शीला छह माह की पुत्री व बुआ का लड़का शिवम था।
शीला रात में बच्चों को दूध पिलाने के लिए उठी थी। तभी उसे छत पर बने कमरे के पास कुछ लोग खड़े दिखाई दिए थे। जिस पर वह चीख पड़ी थी। शिवम के साथ वह छत पर गई तो दो तीन अज्ञात चोर छत से नीचे कूदकर भाग गए थे। वहीं छत पर बने कमरे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी से लगभग नौ लाख के जेवरात गायब थे।
सुबह घटना की जानकारी पर पुलिस ने जांच पड़ताल की थी। चोरी की घटना बड़ी होने पर एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना ने मामले का संज्ञान लिया ओर गहनता से जांच पड़ताल के निर्देश देने के साथ ही पूरे मामले की जांच सीओ दीपक सिंह को सौंपी थी।सीओ दीपक को जांच के दौरान चोरी की रात बीट के सिपाही मनीष राय व विनय कुमार मौजूद नहीं मिले थे।
जिसकी रिपोर्ट सीओ ने एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना को दी थी। सीओ की रिपोर्ट के बाद एसपी ने दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। एसपी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। सीओ दीपक सिंह ने बताया जांच के दौरान बीट के दोनों सिपाही मौजूद नहीं मिले थे। जिसकी रिपोर्ट एसपी को भेजी गई थी। इसके बाद दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

