नोएडा श्रमिक हड़ताल के दौरान गोली चली, महिला कर्मी घायल; DM मेधा रूपम ने जारी किए नंबर, प्रदर्शन का कारण जानिए
Noida Labour Unrest Reason: नोएडा में कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान गोली चलने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक महिला कर्मी को गोली लग गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में कर्मचारियों का आक्रोश चरम पर है। सड़कों पर उतर कर कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। करीब एक सप्ताह से नोएडा में प्रदर्शन चल रहा था। अब यह ग्रेटर नोएडा तक पहुंच गया है। हजारों कर्मचारियों ने सोमवार को सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया। इससे पहले शनिवार को भी कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन हुआ था। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थाना क्षेत्र की फैक्ट्री के कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू किया। बड़ी-बड़ी कंपनियों के कर्मचारी शनिवार को सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान सड़क जाम करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने जब कर्मियों को रोका तो बहस शुरू हो गई। इसके बाद प्रदर्शन में गोली चली। गोलीबारी में बिहार की मूल निवासी महिला को गोली लग गई।
महिला को प्रदर्शन के दौरान दो गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला कर्मी के घायल होने के बाद प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए। हंगामा तेज हो गया। ईकोटेक-तीन थाना क्षेत्र में श्रमिकों के हंगामे के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें सड़क पर काफी भीड़ दिख रही है। कुछ वीडियो में गोलियां चलने की भी आवाज आ रही है। भागते लोग गोली चलने की बात करते दिख रहे हैं। हालांकि, एनबीटी ऑनलाइन इन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
डीएम ने की अपील
डीएम मेधा रूपम ने श्रमिकों के आंदोलन के बीच शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। डीएम ने कहा कि श्रमिकों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। श्रमिक वेतन संबंधी अन्य समस्याओं की शिकायत 120-2978231, 120-2978232, 120-2978862, 120-2978702 पर कर सकते हैं। कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायत का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। डीएम ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का दावा किया है। औद्योगिक इकाइयों को सरकार से मिले सभी आदेशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी डीएम ने दी है।
श्रमिकों के हंगामे के चलते संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला गोली लगने से घायल हुई है। घटना के विभिन्न बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
शैव्या गोयल, डीसीपी सेंट्रल नोएडा
क्या है पूरा विवाद?
हॉजरी कॉम्पलेक्स स्थित कपड़ा निर्यात इकाइयों के श्रमिक लगातार वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मामले को लेकर उद्यमी संगठन के अध्यक्ष और एक्सपोर्टर ललित ठकुराल का कहना है कि बाहर से आने वाले कुछ असामाजिक तत्व माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। 80 प्रतिशत से अधिक श्रमिक समझ चुके हैं। उनकी लगभग सभी मांगें भी मान ली गई हैं। सरकार के आदेश के बाद वेतनवृद्धि भी कर दी जाएगी। उन्होंने श्रमिकों से किसी भी अफवाह में नहीं आने की अपील की है। हालांकि, विवाद अब तूल पकड़ लिया है। नोएडा के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा में स्थित कंपनियों के कर्मी भी अब सड़क पर उतर आए हैं।
हरियाणा के तर्ज पर वेतन की मांग
गारमेंट एक्सपोर्ट की इकाइयों के श्रमिकों ने हरियाणा की तर्ज पर वेतन मांग शुरू की है। हरियाणा के मानेसर में श्रमिकों को न्यूनतम वेतन जैसी व्यवस्था नोएडा की इकाइयों में किए जाने की मांग की गई है। इसके संबंध में कंपनियों के बाहर बैनर लगाए गए हैं। वहीं, शहर में इकाइयां अभी श्रमिकों का वेतन बढ़ाने के लिए तैयार नहीं है। इसको लेकर विवाद लगातार गहराया हुआ है। इस प्रकार की तनातनी के बीच सरकार और प्रशासन की बैठक में स्थिति को सामान्य किए जाने को लेकर विचार शुरू किया गया है।
श्रमिकों की लगभग सभी मांगें मान ली गई हैं। वेतन वृद्धि के लिए श्रमिकों से प्रस्ताव मांगा गया है। इसके बाद सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। सरकार के स्तर से श्रमिकों का वेतन बढ़वाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। श्रमिक शांति बनाए रखें और किसी अफवाह में न आएं।
राकेश द्विवेदी, श्रमायुक्त
2013 की यादें हुई ताजा
नोएडा के हॉजरी कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को सड़कों पर श्रमिकों के उतरने के बाद मामला गहराया। इससे वर्ष 2013 की यादें ताजा हो गईं। श्रमिकों ने वेतन समेत तमाम मांगों को लेकर 20 फरवरी 2013 को जोरदार हंगामा किया था। उस दौरान बेकाबू भीड़ ने औद्योगिक इकाइयों में तोड़फोड़ और आग तक लगा दी थी। इकाइयों से सामान भी चुरा लिया गया था। एक बार फिर कर्मचारियों का आक्रोश इसी तरह से बढ़ता दिख रहा है।
श्रमिकों के प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस अधिकारियों को जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

