जल्द भारत आएंगे मालदीव के राष्ट्रपति; सरकार से दो मंत्रियों के इस्तीफे के बीच मोइज्जू पर बड़ा अपडेट
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू जल्द ही भारत की आधिकारिक यात्रा करेंगे। उनकी प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति कार्यालय की मुख्य प्रवक्ता हीना वलीद ने मुइज्जू की यात्रा का एलान किया।
यह एलान ऐसे दिन किया गया है, जब जब जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के लिए निलंबित किए गए तीन में से दो मंत्रियों ने सरकार से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वाले मंत्रियों में मरियम शिउना और मालशा शरीफ शामिल हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रवक्ता ने कहा कि यात्रा की तारीख अभी तय नहीं हुई है। दोनों देश ऐसी तारीख पर चर्चा कर रहे हैं, जो पीएम मोदी और मोइज्जू के लिए सुविधाजनक हो। इससे पहले चीन समर्थक रुख के लिए जाने जाने वाले मुइज्जू ने प्रधानमंत्री मोदी के शपथग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए 9 जून को भारत की यात्रा की थी। पद संभालने के बाद सबसे पहले नई दिल्ली की यात्रा करने वाले अपने पहले के राष्ट्राध्यक्षों के रुख के खिलाफ मुइज्जू ने सबसे पहले तुर्किये और फिर जनवरी में चीन पहुंचे थे।

