Rajasthan : लोक कलाकारों ने दिया शत प्रतिशत मतदान का संदेश

Rajasthan : लोक कलाकारों ने दिया शत प्रतिशत मतदान का संदेश
नुक्कड़ नाटक और नाच गाकर शत प्रतिशत मतदान करने का दिया संदेश

चित्तौड़गढ़। निर्वाचन विभाग की ओर से 16 नवंबर से 22 नवंबर तक सतरंगी सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। सभी वर्गों के मतदाताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक शत प्रतिशत मतदान करवाने के लिए प्रथम दिन गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, विजयपुर कस्बे में जिला स्तरीय स्वीप कार्यक्रम हुआ। लोक कलाकार बालूसिंह एंड पार्टी ने गणपति वंदना के साथ प्यार भाईडा रे मतदान गीत के साथ नुक्कड़ नाटक और नाच गाकर शत प्रतिशत मतदान करने का संदेश दिया। ‘वोट नाकबा चालो रे’ गीत पर मतदाताओं के साथ लोक कलाकारों ने नृत्य किया। वोट रूपी मानव श्रृंखला बनाकर मतदान संबंधी गगन भेदी नारे भी लगाए गए।  

एसीईओ राकेश पुरोहित ने अपने उद्बोधन में लोकतंत्र के इस महापर्व में वोट देना हमारी जिम्मेदारी का एहसास करा कर आगामी विधानसभा चुनाव में सभी मतदाताओं से शत प्रतिशत मतदान करने का आग्रह किया। साथ ही ‘सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो’ का भी संदेश दिया। इस कार्यक्रम में डीपीएम राजीविका मिशन महेंद्रसिंह मेहता, बीडियो अभिषेक शर्मा, सीबीईओ जयारानी राठौर, जिला स्वीप सहायक प्रभारी दिनेशकुमार विजयवर्गीय, जिला स्वीप टीम सहायक राजेंद्रकुमार व्यास सहित ग्रामीण मतदाता, स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राएं मौजूद थे।