EC ने TMC के नेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया
भारतीय चुनाव आयोग ने मंगलवार को 'विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को धमकी देकर' आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस विधायक हमीदुल रहमान को कारण बताओ नोटिस जारी किया. पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है. चुनाव आयोग ने इस महीने की शुरुआत में उत्तर दिनाजपुर में अपने निर्वाचन क्षेत्र में टीएमसी के चोपड़ा से विधायक रहमान द्वारा दिए गए भाषण की जांच की. इसके बाद आयोग ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 25 अप्रैल शाम 5 बजे तक जवाब देने को कहा है.एजेंसी के मुताबिक एक अधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग को 11 अप्रैल को X हैंडल पर सुवेंदु अधिकारी के वीडियो पोस्ट के जरिए एक शिकायत मिली. इसमें आरोप लगाया गया कि एक पब्लिक मीटिंग में स्पीच देते वक्त रहमान मतदाताओं और विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं को धमकी दे रहे थे.

