बिहार : पटना दलित महिला को निर्वस्त्र घुमाने और जबरन पेशाब पिलाने का आरोप।

Bihar Patna

बिहार : पटना दलित महिला को निर्वस्त्र घुमाने और जबरन पेशाब पिलाने का आरोप।

बिहार पटना : पटना ज़िले में एक साहूकार और उसके सहयोगियों ने एक दलित महिला को कथित तौर पर निर्वस्त्र किया, उसके साथ मारपीट की और उसे पेशाब पिलाया। 

इस मामले में आरोप है कि साहूकार कर्ज चुकाने के बाद भी महिला से अधिक पैसे की "अनुचित" मांग कर रहा था जिसे लेकर महिला ने पुलिस से शिकायत की थी। 

समचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य अभियुक्त प्रमोद सिंह और उनका बेटा अंशु सिंह फ़रार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। 

घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है, महिला का आरोप है कि उधार ली गई रकम ब्याज समेत चुकाने के बावजूद उन्हें ये प्रताड़ना सहनी पड़ी.

महिला ने क्या बताया। 

महिला ने बताया, “ मेरे पति ने कुछ महीने पहले प्रमोद सिंह से 1,500 रुपये उधार लिए थे और ब्याज सहित पैसे लौटा दिए थे। हालाँकि, वो और भी पैसे मांग रहे थे जो हमने देने से मना कर दिया था। 

यह घटना शनिवार की रात पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में घटी। 

कथित तौर पर प्रमोद सिंह ने महिला को फोन पर धमकी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने और पैसे नहीं दिए तो वे उसे गांव में निर्वस्त्र करके घुमाएंगे, इसकी शिकायत महिला ने पुलिस को की थी। 

महिला के परिवार के एक सदस्य ने पत्रकारों को बताया, “शिकायत पर पूछताछ करने के लिए पुलिस की एक टीम ने शनिवार को गांव का दौरा किया, जिससे प्रमोद और उसके सहयोगी नाराज हो गए, शनिवार रात करीब 10 बजे प्रमोद के कुछ लोग घर आए और महिला को जबरन प्रमोद के घर उठा कर ले गए। 

आरोप है कि वहां महिला को पीटा गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया। 

पुलिस को दिए गए बयान में महिला ने कहा है, “प्रमोद ने अपने बेटे से कहा कि वह मेरे मुंह में पेशाब करे और बच्चे ने ऐसा ही किया, मैं किसी तरह बच कर घर वापस आई। 


जेडीयू ने क्या कहा।  

इस मामले पर जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा है कि महिला के साथ किसी भी तरह की यौन हिंसा शर्मनाक है और अभियुक्तों के खिलाफ़ सख़्त एक्शन लिए जाएंगे। 

केसी त्यागी ने कहा, “नारी उत्पीड़न , यौन शोषण की कोई भी घटना देश के किसी भी हिस्से में होती है तो ये अफसोसनाक और शर्मिंदगी की बात है, हम आपको यकीन दिलाते हैं कि सख़्त से सख़्त कार्रवाई अभियुक्तों के खिलाफ़ की जाएगी।