असम के मुख्यमंत्री की पत्नी ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर किया मानहानि का मुक़दमा।

Assam

असम के मुख्यमंत्री की पत्नी ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर किया मानहानि का मुक़दमा।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा ने कांग्रेस के सांसद गौरव गोगोई पर दस करोड़ रुपये की मानहानि का मुक़दमा दर्ज कराया है। 

गौरव गोगोई ने रिनिकी सरमा पर फ़ूड प्रोसेसिंग प्रोजेक्ट में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। 

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सरमा ने ये मुक़दमा कामरूप मेट्रोपोलिटन के सिविल जज (सीनियर डिवीज़न) की अदालत में दर्ज करवाया है, 26 सितंबर को इस पर सुनवाई होगी। 


सरमा का पक्ष रखते हुए उनके अधिवक्ता देवजीत सैकिया ने कहा, “एक्स पर किए गए कई ट्वीट के संबंध में मेरी मुवक्किल ने गौरव गोगोई के ख़िलाफ़ दस करोड़ रुपये की मानहानि का मुक़दमा किया है। हम ये स्पष्ट कर चुके हैं कि हमने सब्सिडी हासिल करने के लिए कभी कोई आवेदन नहीं दिया था। 

सैकिया ने दावा किया कि सब्सिडी लेने की प्रक्रिया कभी शुरू ही नहीं की गई थी और इस संबंध में उनकी मुवक्किल की फर्म को इस साल 26 मई को नोटिस भी प्राप्त हुआ था। 

वरिष्ठ अधिवक्ता ने दावा किया है कि गौरव गोगोई ने जो आरोप रिनिकी भुइयां सरमा पर लगाए हैं वो तथ्यों के आधार पर नहीं हैं। 

उन्होंने दावा किया कि गौरव गोगोई ने बिना पूरी जानकारी लिए आरोप लगा दिए। 

सैकिया ने कहा, “किसी प्रोजेक्ट के लिए मंज़ूरी मिल जाने का मतलब ये नहीं होता है कि उसके लिए सब्सिडी भी मिल गई है, हम पूरे ज़ोर के साथ इस मुक़दमे को लड़ेंगे। 


स्थानीय मीडिया की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि नगांव ज़िले के एक गांव में सरमा की कंपनी ‘प्राइड इस्ट इंटरटेनमेंट’ 17 एकड़ ज़मीन ख़रीदी और इसे एक महीने के भीतर ही औद्योगिक भूमि घोषित कर दिया गया, ये ख़बर प्रकाशित होने के बाद असम में काफ़ी विवाद भी हुआ है। 

इसके बाद गोगोई ने कई सिलसिलेवार ट्वीट किए और सरमा और उनकी पत्नी पर केंद्र सरकार से प्रोजेक्ट के लिए सब्सिडी लेने के आरोप लगाए।