विधान सभा चुनाव 2023 के दृष्टिगत चेकिंग के दौरान रेल्वे स्टेशन भोपाल पर 24 हजार की विदेशी शराब जब्त
भोपाल से देवेन्द्र कुमार जैन की रिपोर्ट
रेलवे पुलिस ने भोपाल रेलवे स्टेशन से 24 हजार की विदेशी मदिरा जब्त की है। उल्लेखनीय है कि आगामी विधान सभा चुनाव 2023 के परिप्रेक्ष्य में चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश राज्य में अवैध रूप से परिवहन किये जा रहे नगदी रूपये, मादक पदार्थ, सोने चांदी आदि अन्य कीमती धातु अथवा उनके आभूषण, देशी विदेशी शराब, मतदाताओं को प्रलोभित किये जाने के उद्देष्य से वितरित किये जाने वाले उपहार आदि के संबंध में आचार संहिता अवधि में जप्ती की कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश प्राप्त होने पर रेल पुलिस इकाई भोपाल क्षेत्रांतर्गत रेल्वे स्टेशन एवं ट्रेनों में सघन चेकिंग हेतु कार्यवाही की जा रही है।
थाना जीआरपी भोपाल एवं आरपीएफ स्टाफ की गठित संयुक्त टीम को गुरुवार को दोपहर, नये ब्रिज के उपर, रेल्वे स्टेशन भोपाल पर चेकिंग के दौरान संदेही व्यक्ति जिसकी उम्र 44 वर्ष निवासी जिला दतिया का रहने वाला है जो स्वयं एक बैग लेकर रेल्वे स्टेशन से बाहर निकलने की फिराक में था, जिससे पिट्ट बैग में रखे सामान के संबंध में पूछताछ करने पर 12 नग अंग्रेजी शराब की बॉटल जिसकी कीमती 24 हजार रूपए है आरोपी शराब फरीदाबाद हरियाणा से खरीदकर लाया था । आरोपी से भारी मात्रा में मिली शराब जप्त कर आरोपी के विरूद्ध अप.क्र.1270 / 23 धारा 34 आबकारी एक्ट को पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा अंग्रेजी शराब जप्ती की कार्यवाही के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों एवं चुनाव आयोग को सूचित किया गया।

