एक भारी वाहन ने तीन लोगों को लिया चपेट में ,एक की मौत, दो घायल

एक भारी वाहन ने तीन लोगों को लिया चपेट में ,एक की मौत, दो घायल

चित्तौड़गढ़। जिले के शंभूपुरा थाना इलाके में गुरुवार दोपहर में एक भारी वाहन ने तीन लोगों को चपेट में ले लिया। इनमें से एक की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। इन सभी को चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो का जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार किया गया। प्रारंभिक रूप से इन तीनों परिवाहन विभाग के वाहन के साथ खड़े होने की जानकारी मिली है। फिलहाल इस संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। 

जानकारी में सामने आया कि चितौड़गढ़ से निंबाहेड़ा हाइवे पर यह हादसा हुआ है। शंभूपुरा थाने के पीछे अज्ञात ट्रक ने तीन जनों को चपेट में ले लिया। इसमें सामरी निवासी श्रीलाल गुर्जर की मौत हो गई। तीनों को जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां दो जनों का प्राथमिक उपचार किया गया था। वहीं श्रीलाल के शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। हादसे की जानकारी मिली तो गुर्जर समाज के लोगों के अलावा बड़ी संख्या में शहर के लोग पहुंचे। श्रीलाल गुर्जर का शहर के लोगों से अच्छा व्यवहार था। ऐसे में शहर के लोगों के अलावा परिवहन विभाग से जुड़े लोग भी चिकित्सालय पहुंचे। इधर, सूत्रों ने बताया कि जहां हादसा हुआ वहां परिवहन विभाग का वाहन मौके पर खड़ा होकर दो इंस्पेक्टर भी मौके पर मौजूद थे। साथ ही एक वाहन के दस्तावेज की जांच दोनों गार्ड कर रहे थे और श्रीलाल यहां से गुजर रहा था। तभी दूसरा भारी वाहन आया और श्रीलाल को चपेट में ले लिया। यह दोनों ही वाहनों के बीच में फंस कर आगे तक घसीट गया। हादसा होते ही परिवहन विभाग का स्टाफ मौके से भाग छूटा। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और श्रीलाल व अन्य को चिकित्सालय पहुंचाया। यहां मृतक के शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं दोनों घायलों के पट्टी की गई थी। इसके बाद वे कहां गए इसकी किसी को जानकारी नहीं है। परिवहन विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं। इस बारे में शंभूपुरा थानाधिकारी मोतीराम सारण ने बताया कि परिवार जनों ने रिपोर्ट दी है कि श्रीलाल खेत पर जा रहा था तभी यह हादसा हो गया। परिजनों की रिपोर्ट पर कार्यवाही की जा रही है।