उनके मन की बात... पीएम मोदी ने इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी की आत्मकथा के लिए क्या लिख दिया

उनके मन की बात... पीएम मोदी ने इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी की आत्मकथा के लिए क्या लिख दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूपा पब्लिकेशन्स से प्रकाशित इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की आत्मकथा 'आय एम जॉर्जिया-माय रूट्स, माय प्रिंसिपल्स' के भारतीय संस्करण के लिए प्रस्तावना लिखी है।

 

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूपा पब्लिकेशन्स से प्रकाशित इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की आत्मकथा 'आय एम जॉर्जिया-माय रूट्स, माय प्रिंसिपल्स' के भारतीय संस्करण के लिए प्रस्तावना लिखी है। यह किताब जल्द ही भारत में लॉन्च होने वाली है। मोदी ने इस किताब को मेलोनी का 'उनके मन की बात ' बताते हुए लिखा कि उनकी जीवन यात्रा सिर्फ उनकी पर्सनल स्टोरी नहीं है, बल्कि इसमें सार्वभौमिक मानवीय अनुभव और गहरी सीख छिपी हुई है। उन्होंने मेलोनी को 'देशभक्त और समकालीन उत्कृष्ट नेता' बताते हुए उनके प्रति सम्मान, प्रशंसा और मित्रता व्यक्त की।

देशभक्त की प्रेरणादायी कहानी

 

मोदी ने लिखा कि पिछले 11 वर्षों में दुनिया के नेताओं से मुलाकातों के दौरान उन्होंने महसूस किया कि उनकी कहानियां अक्सर सार्वभौमिक सच्चाइयों को उजागर करती हैं। मेलोनी का जीवन और नेतृत्व भी इन्हीं सच्चाइयों की याद दिलाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह किताब भारत में एक समकालीन राजनीतिक नेता और देशभक्त की प्रेरणादायी कहानी के रूप में सराही जाएगी।


भारतीय और इतालवी मूल्य


प्रधानमंत्री ने भारतीय और इतालवी मूल्यों की समानताओं का जिक्र करते हुए मेलोनी की सांस्कृतिक धरोहर और समानता पर आस्था की सराहना की। उन्होंने लिखा कि मेलोनी मातृत्व, राष्ट्रीय पहचान और परंपराओं की रक्षा करती हैं, और यही साझा मूल्य भारत-इटली संबंधों की नींव को और मजबूत बनाते हैं।

आत्मकथा में अविवाहित मां की चुनौतियों का जिक्र

यह किताब 2021 में इटली में पहली बार प्रकाशित हुई थी और बेस्टसेलर रही थी। जून 2025 में इसके अमेरिकी संस्करण में डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने प्रस्तावना लिखी थी। मेलोनी ने अपनी आत्मकथा में अविवाहित मां होने की चुनौतियों, गर्भावस्था के दौरान चुनाव प्रचार और पहचान की राजनीति जैसे विषयों पर खुलकर लिखा है। उनका मशहूर नारा था: 'मैं जॉर्जिया हूं, मैं एक महिला हूं, मैं इटालियन हूं, मैं ईसाई हूं।' भारत और इटली के रिश्ते 2023 में मेलोनी की भारत यात्रा के बाद स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर पर पहुंचे। दोनों नेताओं की दोस्ती उस समय सुर्खियों में रही जब COP28 सम्मेलन में उनकी एक सेल्फी वायरल हुई और सोशल मीडिया पर #Melodi ट्रेंड करने लगा।

#thebharatnews