पांच बच्चों के पिता ने 19 साल की युवती की हत्या कर खुद को मारी गोली, प्रेम प्रसंग के मामले में छिन गई दो जिंदगियां
खेरागढ़ के गांव बंडपुरा में गुरुवार शाम को किसान ने लाइसेंसी पिस्टल से युवती के परिजनों के सामने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद खुद की कनपटी में भी गोली मार ली।
परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, वहां मृत घोषित कर दिया। मामला प्रेम प्रसंग बताया गया है।
यह है पूरा मामला
घटना गुरुवार शाम चार बजे की है। नगला कमाल खेरागढ़ का रहने वाला विनय परमाार गांव बंडपुरा के अमर सिंह के साथ 10 वर्ष से मिर्च की खेती कर रहा था। अमर सिंह का खेत के बराबर में ही घर होने के चलते विनय का उनके यहां आना-जाना था।
दोपहर 12 बजे विनय खेत पर बनी झोपड़ी में पहुंचा। वहां करीब देर तक बैठने के बाद वह अमर सिंह के घर की ओर गया। उनकी पत्नी सुआ देवी और परिवार के लोगों से विवाद करने लगा। सुआ देवी ने उसे वहां से जाने को कहा। विनय ने अपने छोटे भाई चिंटू से अपनी लाइसेंसी पिस्टल मंगाने के बाद उसे लहराने लगा।
सुआ देवी ने बताया विनय द्वारा हंगामा करने पर उनकी 19 वर्षीय बेटी प्रीति घर से बाहर निकलकर आई। विनय ने लाइसेंसी पिस्टल बेटी की कनपटी से सटाकर दो गोलियां दाग दीं। प्रीति की मौके पर मौत हो गई। प्रीति के परिजन और आसपास के लोग विनय परमार को पकड़ने दौड़े। तब तक विनय ने अपनी कनपटी में भी गोली मार ली।
भाई चिंटू की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने विनय को मृत घोषित कर दिया। डीसीपी सोनम कुमार, एसीपी इमरान अहमद घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। परिजन प्रीति के लिए रिश्ता देख रहे थे, जिससे विनय नाराज था। वह शादीशुदा और पांच बच्चों का पिता था। वहीं, विनय के परिजनों का पुलिस से कहना था कि दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध थे। विनय ने यह कदम क्यों उठाया, वह खुद नहीं समझ पा रहे हैं।
डीसीपी सोनम कुमार ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। घटना की सभी पहलुओं से गहराई से छानबीन कर रही है। मामले में फिलहाल युवती के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। विनय की पिस्टल को मौके से बरामद कर लिया है।


sachin sharma