Axar Patel Statement: दो खिलाड़ियों की गलती पड़ी दिल्ली को भारी, अक्षर पटेल ने कहा- मौके लपके होते तो नहीं हारते
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद अक्षर पटेल ने फील्डिंग पर हार का ठिकरा फोड़ा।
हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों मिली 47 रनों की करारी शिकस्त के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल काफी निराश नजर आए। मैच के बाद उन्होंने हार की सबसे बड़ी वजह उन मौकों को बताया जो दिल्ली ने अभिषेक शर्मा के खिलाफ गंवा दिए थे। अक्षर ने सीधे तौर पर फील्डिंग में हुई गलतियों को हार का जिम्मेदार माना जिसकी वजह से अभिषेक ने 135 रनों की तूफानी पारी खेल डाली।
फील्डिंग में हुईं गलती से हारे मैच
मुकाबले के बाद अपनी बात रखते हुए अक्षर पटेल ने KL Rahul mistake और छूटे हुए कैचों की ओर इशारा करते हुए कहा, 'अभिषेक शर्मा के खिलाफ हमने जो रन-आउट का मौका गंवाया और जो कैच छोड़े अगर हम उन्हें लपक लेते तो हम हैदराबाद को एक कम स्कोर पर रोक सकते थे। लेकिन जब कोई खिलाड़ी इतनी बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहा हो और उसके शॉट्स में कोई कमी न हो तो उस प्रदर्शन को श्रेय देना ही होगा
हार को भूलकर जाना होगा आगे
गेंदबाजों का बचाव करते हुए अक्षर ने कहा कि हेनरिक क्लासेन और अभिषेक शर्मा जिस तरह की बल्लेबाजी कर रहे थे उसमें गेंदबाजों को दोष देना गलत होगा। उन्होंने कहा, 'जब कोई बल्लेबाज इस लय में खेल रहा हो तो कप्तान और कोच को यह स्वीकार करना चाहिए कि उन्हें रोकना नामुमकिन है। मैंने अपने गेंदबाजों से भी यही कहा कि अगर आपकी रणनीति सही थी और उसके बाद भी उसने शानदार शॉट खेला तो आप कुछ नहीं कर सकते। हमें इसे भूलकर आगे बढ़ना होगा।'
गेंदबाजों को नहीं थी कोई गलती
अक्षर ने इस बात पर जोर दिया कि मैदान पर फील्डिंग और कैच पकड़ना पूरी तरह से टीम के हाथ में होता है और वहीं उनसे चूक हुई। उन्होंने गेंदबाजों के मनोबल को बढ़ाने की बात करते हुए कहा, 'फील्डिंग आपके अपने बस में होती है। कैच पकड़ना और रन-आउट करना ये ऐसी चीजें हैं जो आपको करनी ही चाहिए। ऐसे समय में गेंदबाजों का समर्थन करना बहुत महत्वपूर्ण है। मुझे लगता है कि हम इसी क्षेत्र में और बेहतर कर सकते थे।'

