'दोस्त ने धोखा दिया, अब जीकर क्या करूं', खरगोन में किसान की आत्महत्या, वीडियो में दोस्त और उसके बेटे को ठहराया जिम्मेदार

Khargone News: खरगोन के गोगावां में एक किसान ने दोस्त द्वारा 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी और धमकी से तंग आकर जान दे दी। सुसाइड से पहले बनाए वीडियो में किसान ने दोस्त और उसके बेटे की पूरी करतूत उजागर की है।

'दोस्त ने धोखा दिया, अब जीकर क्या करूं', खरगोन में किसान की आत्महत्या, वीडियो में दोस्त और उसके बेटे को ठहराया जिम्मेदार

खरगोन: जिले के गोगावां थाना क्षेत्र के ग्राम रेहगांव में एक किसान ने कथित तौर पर अपने ही दोस्त की धोखाधड़ी से आहत होकर खेत में कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले किसान ने एक वीडियो बनाकर दोस्त और उसके बेटे पर जमीन सौदे में लाखों रुपए की धोखाधड़ी, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में आरोपित पिता-पुत्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


जमीन के सौदे का मामला

पुलिस के अनुसार मृतक किसान सालकराम (45) पिता मोतीराम ने गांव के ही तीन भाइयों, राजू, वीरेंद्र और जितेंद्र (पिता रामेश्वर गुप्ता) से 7.52 एकड़ जमीन का सौदा किया था। यह सौदा उसने अपने करीबी मित्र सुरेश यादव के नाम से किया था। बयाना राशि एक लाख रुपए सहित दस्तावेजी खर्च भी सालकराम ने ही वहन किया था। तय हुआ था कि पांच माह में पूरी राशि अदा कर रजिस्ट्री कराई जाएगी। इस सौदे की पुष्टि गवाहों ने भी की है।


रुपए लौटाने का आरोप

मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो में उसने बताया कि उसने राजू व जितेंद्र गुप्ता को 22 लाख 7 हजार 300 रुपए तथा अपने मित्र सुरेश यादव को 45 लाख रुपए दिए थे। इसके बावजूद सुरेश ने रुपए लौटाने से इनकार कर दिया। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि सुरेश यादव और उसके बेटे कमलेश यादव ने उसे घर बुलाकर गाली-गलौच की और उसे व उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। वीडियो में ग्राम बिलखेड़ निवासी श्याम पर भी धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।


कीटनाशक पीकर की खुदकुशी

घटना के बाद सालकराम ने अपने खेत में कीटनाशक पी लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। मंगलवार सुबह गोगावां के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद मृतक की पत्नी, बेटी और बेटा आयुष ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा सुरक्षा की मांग की। इस दौरान कुछ देर के लिए थाना परिसर में तनाव की स्थिति भी बनी रही। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन दोपहर में शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए।

मृतक का एक वीडियो बयान सामने आया है, जिसमें उसने सुरेश यादव और उसके बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (IPC 306) का मामला दर्ज किया है। मामले की बारीकी से विवेचना की जा रही है।

दीपक यादव, थाना प्रभारी, गोगावां



पुलिस ने दर्ज किया मामला

थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि मृतक के वीडियो बयान के आधार पर सुरेश यादव और उसके बेटे कमलेश यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।