जालोर में करंट से खंबे पर लटका बेटा, मौत की खबर सुनकर आ रहे पिता को FRT विभाग की गाड़ी ने ही रौंदा

जालोर के बालवाड़ा में बिजली पोल पर चढ़े युवक की करंट से मौत हो गई, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने रूह कंपा दी। खबर पाकर आ रहे पिता को उसी विभाग की गाड़ी ने टक्कर मार दी जिससे पिता के दोनों पैर टूट गए। इसके बाद बेटे का शव पोल पर लटका देख परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

जालोर: राजस्थान के जालोर जिले के बालवाड़ा में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक विद्युत कार्मिक की करंट लगने से मौत हो गई, लेकिन त्रासदी यहीं नहीं रुकी। बेटे की मौत की खबर सुनकर मौके पर आ रहे पिता और अन्य परिजनों को उसी विभाग की एफआरटी कैम्पर गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे पिता के दोनों पैर टूट गए। इस दोहरी मार से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।



पोल पर ही थम गई अखाराम की सांसें

जानकारी के अनुसार, विद्युत लाइन में फॉल्ट की सूचना मिलने पर थलुंडा निवासी अखाराम पुत्र रूपाराम मौके पर पहुंचा था। उसने बालवाड़ा जीएसएस से विधिवत शटडाउन लिया और पोल पर चढ़ गया। लेकिन जैसे ही वह काम करने लगा, अचानक बिजली सुचारू हो गई। करंट का झटका इतना तेज था कि अखाराम पोल पर ही चिपक गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

मृतक के पिता और परिजनों के साथ भी हुआ हादसा

घटना की सूचना जैसे ही थलुंडा में मृतक के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता रूपाराम, वालाराम और पपुलाल तुरंत बाइक से घटनास्थल के लिए रवाना हुए। वे आवलोज से आगे बालवाड़ा मार्ग पर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही एफआरटी की कैम्पर गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हैरानी और दुख की बात यह है कि जिस टीम में मृतक काम करता था, उसी विभाग की गाड़ी ने परिजनों को कुचल दिया। इस हादसे में मृतक के पिता रूपाराम के दोनों पैर टूट गए, जबकि साथ आ रहे अन्य दो परिजनों का भी एक-एक पैर टूट गया। घायलों को तुरंत जालोर अस्पताल पहुंचाया गया है।

मुआवजे पर अड़े परिजन, पोल पर ही लटका रहा शव

घटना के बाद बालवाड़ा में भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को पोल से नीचे उतारने से इनकार कर दिया। परिजनों की मांग है कि जब तक बिजली विभाग के आला अधिकारी मौके पर नहीं आते और मुआवजे की घोषणा नहीं होती, तब तक शव नहीं हटाया जाएगा। मौके पर जालोर उपखंड अधिकारी और तहसीलदार पहुंचे हैं। बिशनगढ़ पुलिस मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।