नायब तहसीलदार देश दीपक तिवारी ने UPSC की प्रतियोगिता के लिए किया मार्गदर्शन: मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत छात्रों से साझा किया अनुभव, कहा- टाइम टेबल बनाकर करें तैयारी।
महराजगंज। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत अभ्युदय कोचिंग सेंटर की शुरुआत की है। जहां आईएएस, पीसीएस, नीट और इंजीनियरिग के अलावा एनडीए, सीडीएस और दूसरी सैन्य सेवाओं तथा पुलिस भर्ती से जुड़ी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग की सुविधा दी जा रही है।
महराजगंज जिले में भी अभ्युदय कोचिंग सेंटर की शुरुआत हो चुकी है। यहां कोचिंग जवाहरलाल नेहरू पीजी कालेज के कैंपस में संचालित हो रही है। कोचिंग में आईएएस, पीसीएस, नीट और इंजीनियरिग के अलावा एनडीए, सीडीएस और दूसरी सैन्य सेवाओं तथा पुलिस भर्ती से जुड़ी परीक्षाओं की भी विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयारी करवाई जा रही है।
इसी क्रम में आज महराजगंज जनपद के नायब तहसीलदार देश दीपक तिवारी ने सुबह के बैच में बच्चों को पढ़ाया और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारियों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार के बच्चों के लिए बड़ा संबल है अभ्युदय कोचिंग। उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं है कि lAS बनने के लिए आपकी पृष्ठभूमि मजबूत हो। बल्कि IAS बनने के लिए आपका मनोबल ऊंचा होना चाहिए। परीक्षा में सफलता आपको नई दिशा दिखाती है उससे टूटने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा की परीक्षा कोई छोटी बड़ी नहीं होती है हर परीक्षा देकर अपनी तैयारी की तारतम्य बनाए रखना आवश्यक है।
*टाइम टेबल बनाकर छात्र करें तैयारी*
छात्रों द्वारा टाइम मैनेजमेंट के बारे में पूछने पर नायब तहसीलदार देश दीपक तिवारी ने बताया कि आप अपने जागने और सोने का समय निर्धारित कर अपनी तैयारी का टाइम टेबल बनाएं। उन्होंने कहा कि नींद पूरी होना बहुत जरूरी है क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन होता है। परीक्षा के पीछे अपनी जिम्मेदारियां का मैनेजमेंट भी सिखाना बहुत जरूरी है जो आपके जीवन में चयनित होने के बाद भी काम आएगा। IAS और PCS बनने के लिए आवश्यक नहीं कि आपका एकेडमिक रिकॉर्ड बहुत अच्छा हो। आप आगे जाकर भी अपने दृढ़ इच्छाशक्ति के माध्यम से कोई भी परीक्षा पास कर सकते हैं।
*जिले के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पढ़ा रहे कोचिंग में*
वहीं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत जिले में शुरू हुई अभ्युदय कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना है कि सीएम योगी की इस पहल से उनको काफी लाभ मिल रहा है। आर्थिक तंगी या दूरी की वदह से वह लोग अच्छी कोचिंग नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में इस कोचिंग से उनकी पढ़ाई का सपना पूरा हो रहा है। छात्र-छात्राओं के मुताबिक पढ़ाई के साथ-साथ कोचिंग में जिले के बड़े अधिकारी भी पढ़ाने के लिये आते हैं। जिससे उनके अनुभव की भी जानकारी होती है।

