शाजापुर - न हेलमेट दिख रहे, न हो रहा ट्रैफिक सिग्नल का पालन, कार्रवाई नहीं होने से बिगड़ रही नगर की यातायात व्यवस्था

शाजापुर - न हेलमेट दिख रहे, न हो रहा ट्रैफिक सिग्नल का पालन, कार्रवाई नहीं होने से बिगड़ रही नगर की यातायात व्यवस्था

शाजापुर। नगर में कुछ समय पूर्व तक हेलमेट नहीं पहनने वाले दो पहिया वाहन चालकों के लिए जागरुकता अभियान चलाया गया। कार्रवाई भी की गई। पेट्रोल पंप पर भी बगैर हेलमेट पहनने वालों को ईंधन नहीं दिए जाने तक की कार्रवाई की गई थी, लेकिन बाद में ये कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली गई। वर्तमान में हालत यह है कि हेलमेट नहीं पहनने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। ट्रैफिक सिग्नल का पालन करवाने वाला कोई नहीं है। वहीं बेहिसाब गति से दो पहिया वाहनों को दौड़ाने वाले नाबालिगों पर भी कार्रवाई नहीं हो रही है। 
गौरतलब है कि शहरी क्षेत्र में यातायात के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। अधिकांश वाहन चालक बगैर हेलमेट लगाएं अपने वाहन चलाते हैं। जबकि कई बार जागरुकता अभियान चलाए गए, कई बार चालानी कार्रवाई भी हुई, लेकिन जैसे ही कार्रवाई और जागरुकता अभियान थमा, लोग फिर से बगैर हेलमेट के घुमने लगे। बीती रात ही एबी रोड से गुजर रहे बाइक सवार का संतुलन बिगड़ा और वो नीचे गिर गया। इससे सिर में उसे गंभीर चोट लगी। रात्रि के समय उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां पर मध्यरात्रि में उसकी मृत्यू हो गई। घायल के परिजनों ने बताया कि उक्त युवक प्रतिदिन हेलमेट लगाकर ही बाइक चलाता था, लेकिन शुक्रवार रात को पेट्रोल पंप से घर जाते समय उसने हेलमेट नहीं लगाया। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ा और हादसा हो गया। बताया गया कि यदि उसने हेलमेट लगाया होता तो उसकी जान बच सकती थी। 
नाबालिग दौड़ा रहे वाहन
नगर में हेलमेट नहीं लगाने वालों के साथ ही नाबालिग वाहन चालक भी सरपट वाहन दौड़ा रहे हैं। इसके चलते हादसे की संभावना रहती है। खास बात यह है कि कार्रवाई नहीं होने के कारण इन पर लगाम भी नहीं लग रही है। एबी रोड से लेकर शहर के मध्य मार्गों तक भी नाबालिग दो पहिया वाहन चालक अपने वाहनों को दौड़ाते हैं। कई बार छोटे-मोटे हादसे भी हो जाते हैं। ऐसे में यदि नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं की गई तो कभी-भी गंभीर हादसा हो सकता है। 
ई-चालान का भी खौफ नहीं
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले नगर में ई-चालान की व्यवस्था शुरू की गई थी। इसमें बगैर हेलमेट पहने वाहन चलाने वालों को ई-चालान भेजे जा रहे थे। इस कार्रवाई के शुरू होने के बाद लोग अलर्ट हुए थे, लेकिन ये कार्रवाई भी अब ठंडे बस्ते में है। कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आने से लोगो में अब ई-चालान का भी खौफ नहीं है। इसके चलते कई लोग यातायात के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। 
उज्जैन में हेलमेट को लेकर हो फिर शुरू हुई कार्रवाई
समीपस्थ जिले उज्जैन में एक बार फिर हेलमेट को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। प्रतिदिन शाम को 4 से 6 बजे तक बगैर हेलमेट पहने निकलने वाले दो पहिया वाहन चालकों को समझाइश दी जा रही है। इसके साथ ही चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। ऐसे में शाजापुर जिले में कार्रवाई शिथिल पड़ी हुई है।
इनका कहना है - 
हेलमेट पहनना क्यों जरूरी है ये सभी को पता है। इसके लिए सभी को स्वयं ही जागरुक होना चाहिए। फिर भी समझाइश दी जाएगी। ट्रैफिक सिग्नल का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। ई-चालान की कार्रवाई भी जारी है।
- टीएस बघेल, एएसपी-शाजापुर