उत्तर प्रदेश : बस्ती में नाबालिग से गैंगरेप, सुनवाई नहीं होने पर SP Office में लगाई न्याय की गुहार।

Uttar Pradesh Basti

उत्तर प्रदेश : बस्ती में नाबालिग से गैंगरेप, सुनवाई नहीं होने पर SP Office में लगाई न्याय की गुहार।

उत्तर प्रदेश : बस्ती जिले में शौच को गई एक नाबालिग लड़की के साथ दो युवकों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है, वहीं गैंगरेप के बारे में किसी को कुछ भी बताने की बात पर दबंग युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले में पीड़ित नाबालिग युवती की थाने में भी सुनवाई नहीं हुई. जिसके बाद पीड़ित युवती इसकी शिकायत करने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, फिलहाल पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता को न्याय का भरोसा दिलाया है। 

दरअसल बस्ती जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग युवती अपने घर से शौच के लिए निकली और जब वह सिवान में पहुंची तो गांव के ही दो युवकों ने उसको जबरन पकड़कर गैंगरेप जैसी घटना को अंजाम दिया और नाबालिग को बदहवास छोड़कर फरार हो गए, जब पीड़िता को होश आया तो वह घर पहुंची और परिजनों को अपनी आप बीती सुनाई, आप बीती सुनने के बाद पीड़िता थाने पर भी गई लेकिन वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं की गई, जिसके कारण थक हार कर पीड़िता को न्याय की गुहार लगाने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आना पड़ा। 

प्रधान के बेटे पर गैंगरेप का आरोप। 

SP ऑफिस पहुंची पीड़िता ने आरोप लगाया कि गांव के प्रधान के बेटे परमानंद और उसके साथी उमेश यादव ने जबरन उसको सिवान में ले जाकर बारी-बारी से गैंगरेप किया और फिर किसी से कुछ कहने पर जान से मार देने और अपहरण कराने की धमकी दे डाली, पीड़िता का आरोप है कि प्रधान गांव का दबंग है, जिसके कारण उनके खिलाफ कोई नहीं बोलता और पुलिस थाने में अच्छी पकड़ होने के कारण उसकी सुनवाई नहीं हुई। 

मामले की जांच के आदेश। 

इस पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया की 'थाना लालगंज से संबंधित प्रकरण प्राप्त हुआ है, मामले में थाना लालगंज को निर्देशित किया गया है कि स्वंय जा कर प्रकरण की जांच करें और विधिक कार्यवाही करें, वहीं पीड़िता के बार-बार थाने जाने के सवाल पर अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया की किन परिस्थिति में उसकी एफआईआर नही लिखी गई इसकी भी जांच कराई जाएगी।